पूर्व आप नेता ने शेयर किया नवजोत सिंह सिद्धू का ”सुपर गिरगिट” वाला वीडियो, कसा तंज

0
images_purple

आम आदमी पार्टी के पूर्व नेता और स्वराज इंडिया के नेशनल प्रेसिडेंट योगेंद्र यादव ने बीजेपी से कांग्रेस में शामिल होने वाले नवजोत सिंह सिद्धू का ‘सुपर गिरगिट’ वाला वीडियो शेयर करते हुए जोरदार तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि आज अगर किसी को कोई वीडियो देखना है तो इसे जरूर देखना चाहिए। साथ ही उन्होंने सिद्धू के भाषणों को महज कोरी लफ्फाजी करार दिया है। यादव ने कहा, ‘अगर कोई वीडियो देखना है तो इसे जरूर देखें। देखें और खूब हंसे, लेकिन सिर्फ हंसे नहीं सोचे भी। यह कहां आ गए हम? क्या राजनीति इस कोरी लफ्फाजी के बिना हो नहीं सकती?’

दरअसल, आप के पूर्व नेता द्वारा शेयर किए गए वीडियो में सिद्धू के दो भाषणों की तुलना की गई है। एक भाषण 2014 लोकसभा चुनाव से पहले यानी 2013 का है तो दूसरा भाषण हाल ही में हुए कांग्रेस महाधिवेशन का है। 2013 वाले भाषण में जहां सिद्धू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी की तारीफ करते दिख रहे हैं तो वहीं 2018 वाले भाषण में वह कांग्रेस, राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह की तारीफ करते हुए दिख रहे हैं। वीडियो के हेडर में लिखा गया है कि नवजोत सिंह सिद्धू का भाषण सुनने के बाद देश के सारे ‘गिरगिट’ सामूहिक आत्महत्या करने की तैयारी में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *