राम मंदिर अयोध्या में नहीं बनेगा तो कहां बनेगा- राज बब्बर

0
raj babbar

कांग्रेस राम जन्मभूमि पर मंदिर बनाने के पक्ष में है। राम मंदिर अयोध्या में नहीं बनेगा तो कहां बनेगा। यह कहना है प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर का।

राज बब्बर ने कहा कि मोदी सरकार में भारत देश में दो भारत हो गए हैं। एक गरीब, असहाय, आत्महत्या कर रहे किसानों व बेरोजगार युवाओं का भारत है तो दूसरा सरकार समर्थित उद्योगपतियों का भारत है जो करदाताओं व गरीबों का पैसा लेकर देश से भाग गए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने सरकार बनने पर हर गरीब व्यक्ति को तय आमदनी सुनिश्चित करने की तारीफ करते हुए कहा कि यह कांग्रेस पार्टी का मास्टरस्ट्रोक है।

अदालत के बाहर राम मंदिर निर्माण को लेकर भाजपा छोड़ रही शिगूफा
भाजपा सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में 2.77 एकड़ भूमि अधिग्रहण की याचिका पर राज बब्बर ने सवाल किया कि यह नया फार्मूला नहीं है। वर्ष 1989 की जनता दल की सरकार में यह फार्मूला बना था। तब तय हुआ था कि 2.77 एकड़ विवादित भूमि को सरकार अधिग्रहित करे और उसके बाद कहीं भी मंदिर-मस्जिद बनाए। परंतु इसके तुरंत बाद लालकृष्ण आडवाणी ने राम मंदिर के नाम पर रथयात्रा निकाली थी। राज बब्बर ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि राम मंदिर बनाने पर कोई विवाद नहीं है। दरअसल जो विवाद है वह संबंधित भूमि पर मालिकाना हक को लेकर है। अयोध्या में राम मंदिर की भूमि पर राम मंदिर न्यास, हनुमान अखाड़ा व वक्फ बोर्ड अदालत में केस लड़ रहे हैं। अदालत के बाहर राम मंदिर निर्माण को लेकर भाजपा सिर्फ शिगूफा छोड़ रही है।

सपा-बसपा गठबंधन से है सीधी टक्कर
राज बब्बर ने कहा कि उप्र में कांग्रेस की भाजपा और सपा-बसपा गठबंधन से सीधी टक्कर है। बब्बर ने कहा कि 2014 में वह अपनी जीती हुई लोकसभा सीट फिरोजाबाद को छोड़कर गए थे। अब वह फतेहपुर सीकरी से चुनाव लड़ना चाहते हैं।

राहुल गांधी की सभा जल्द होगी तय
राज बब्बर ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी की आगरा में सभा की तारीख जल्द तय होगी। उन्होंने सभा में प्रियंका गांधी के शामिल होने के सवाल पर कहा कि यह निर्णय पार्टी हाईकमान करेगा। उन्होंने कहा कि आगरा में होने वाली राहुल गांधी की सभा ऐतिहासिक होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *