हरकी पैड़ी से चंडी देवी के बीच रोपवे की तैयारी
हरिद्वार में हरकी पैड़ी से चंडी देवी के बीच और ऋषिकेश में स्वर्गाश्रम से मुनि की रेती के बीच गंगा के आर पार रोपवे बनाने की योजना है। दोनों शहरों में आने वाले यात्रियों की संख्या को देखते हुए उत्तराखंड मेट्रो प्रबंधन इन प्रस्तावों को तैयार किया है। उत्तराखंड मेट्रो कारपोशेन को सरकार ने शहरी क्षेत्रों में यातायात सुविधाओं के विकास के लिए नोडल एजेंसी बनाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में मेट्रो प्रबंधन ने हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे शहरों में आने वाले तीर्थ यात्रियों की सुविधा को देखते हुए दोनों शहरों में रोपवे प्रोजेक्ट की योजना तैयार की है। हरिद्वार में हरकी पैड़ी घाट से सीधे चंडी देवी की पहाड़ी तक रोपवे लाइन बिछाने की तैयारी है। इसकी लंबाई करीब पांच किमी की है। अभी चंडी देवी के लिए उपलब्ध रोपवे नजीबाबाद रोड पर काफी आगे जाकर है।
हरिद्वार घूमने आने वाले यात्रियों को यहां जाने के लिए अलग से वाहन करना पड़ता है। हरकी पैड़ी पर रोपवे बन जाने से यात्रियों के लिए चंडी देवी के दर्शन आसान होंगे। मेट्रो प्रबंधन का कहना है कि रोपवे के लिए जमीन की भी बहुत अधिक जरूरत नहीं है। मुख्य स्टेशन बहुत कम जगह पर ही बन जाता है, जो हर की पैड़ी के निकट कहीं भी बनाया जा सकता है। इसी तरह ऋषिकेश में पौड़ी जिले के स्वर्गाश्रम से टिहरी जिले के मुनि की रेती के बीच भी गंगा के आर पार रोपवे का प्रस्ताव है।
दोनों प्रस्ताव शासन को भेज दिए गए हैं। आवास विभाग ने इस पर सकारात्मक रुख दिखाया है। विस्तृत डीपीआर के बाद ही तय होगा कि प्रोजेक्ट पीपीपी मोड में दिया जाए या सरकार खुद चलाए। इससे दोनों प्रोजेक्ट तीर्थ यात्रियों के लिए खासकर फायदेमंद होंगे।
जितेंद्र त्यागी, एमडी, उत्तराखंड मेट्रो
