देहरादून में BJP की बड़ी बैठक, CM धामी ने कार्यकर्ताओं से किया सीधा संवाद
देहरादून: भारतीय जनता पार्टी की गढ़वाल मंडल की संगठनात्मक बैठक शनिवार को देहरादून के रेसकोर्स चौक स्थित अतिथि सामुदायिक भवन में शुरू हुई. बैठक में गढ़वाल मंडल के सभी जिलों के जिला अध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष शामिल हुए हैं. बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद हैं.
बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा भाजपा एक कैडर आधारित पार्टी है. संगठन को लगातार मजबूत करने के लिए इस तरह की बैठकें महत्वपूर्ण हैं. उन्होंने कहा पार्टी संगठन और सरकार मिलकर जनता के हित में काम कर रहे हैं. सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने पर लगातार काम किया जा रहा है.
सीएम धामी ने कहा पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण है. संगठन के पदाधिकारियों से संवाद के जरिए जमीनी स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं और सुझावों को भी समझने का अवसर मिलता है. उन्होंने कहा आने वाले समय में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा.
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करने के साथ आगामी कार्यक्रमों और पार्टी की रणनीति को लेकर पदाधिकारियों के साथ चर्चा करना है. उन्होंने कहा जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों से सीधे संवाद कर संगठन की स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर मंथन किया जाएगा.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा भाजपा का संगठन लगातार विस्तार और मजबूती की दिशा में काम कर रहा है. मंडल और जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने, संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से संचालित करने और सरकार के काम को जनता तक पहुंचाने को लेकर भी बैठक में चर्चा होगी.
बैठक में गढ़वाल मंडल के विभिन्न जिलों से पहुंचे जिला अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों के साथ संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जा रही है. माना जा रहा है कि बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, पार्टी की गतिविधियों और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा. भाजपा नेतृत्व की ओर से लगातार संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है. ऐसे में मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में हो रही यह बैठक आगामी दिनों में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
