खरगे के उत्तराखंड दौरे से पहले कांग्रेस की ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’, छह विधानसभा क्षेत्रों में निकलेगी यात्रा
देहरादून:कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के उत्तराखंड दौरे से पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी देहरादून जिले के छह विधानसभाओं में परिवर्तन संकल्प यात्रा से सियासी माहौल गरमाएगी। पार्टी ने दूसरे चरण में विकासनगर, सहसपुर, कैंट, धर्मपुर, मसूरी व राजपुर विधानसभाओं में कार्यक्रम की तिथि तय कर दी है।
प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने बताया कि दो अगस्त को विकासनगर व सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में परिवर्तन संकल्प यात्रा के तहत कार्यक्रम होगा। परिवर्तन संकल्प यात्रा का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सीडब्लूसी सदस्य करन माहरा, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी करेंगे।
तीन अगस्त को कैंट व धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में परिवर्तन संकल्प यात्रा का नेतृत्व चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सीडब्लूसी सदस्य करन माहरा, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत करेंगे।
चार अगस्त को राजपुर व मसूरी विधानसभा क्षेत्र में परितर्वन संकल्प यात्रा का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सीडब्लूसी सदस्य करन माहरा, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत करेंगे। प्रवक्ता ने बताया कि पूर्व मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के निधन से पांच अगस्त को रायपुर व डोईवाला विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले कार्यक्रम स्थगित किए गए हैं।
