डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर बंगाल दौरे पर अमित शाह, 125 फीट प्रतिमा की रखेंगे आधारशिला

0
amit-shah-5

कोलकाता। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह सोमवार को पश्चिम बंगाल के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वह भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इस दौरान अमित शाह कोलकाता के इको पार्क में डॉ. मुखर्जी की प्रस्तावित 125 फीट ऊंची प्रतिमा की आधारशिला भी रखेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह सबसे पहले भवानीपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के पैतृक आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वह न्यू टाउन स्थित इको पार्क में भूमि पूजन कर प्रतिमा निर्माण परियोजना का शुभारंभ करेंगे। यह प्रतिमा देश में डॉ. मुखर्जी की सबसे ऊंची प्रतिमा होगी।

दौरे के दौरान अमित शाह कोलकाता के मिलन मेला प्रांगण (बिस्वा बांग्ला मेला परिसर) में आयोजित मुख्य समारोह में भी शामिल होंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सहित कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। समारोह के दौरान डॉ. मुखर्जी के जीवन और योगदान पर आधारित प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशेष डॉक्यूमेंट्री का भी आयोजन किया जाएगा।

केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने बताया कि यह आयोजन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के उपलक्ष्य में चल रहे दो वर्षीय राष्ट्रीय स्मृति समारोह का हिस्सा है। देशभर में उनके जीवन, राष्ट्र निर्माण में योगदान और शिक्षा, उद्योग तथा राष्ट्रीय एकता के क्षेत्र में किए गए कार्यों को याद करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

अमित शाह का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब पश्चिम बंगाल में अगले विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस यात्रा का राजनीतिक महत्व भी है, हालांकि आधिकारिक तौर पर इसे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम का हिस्सा बताया गया है।

इस बीच, कोलकाता में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की एक प्रतिमा के साथ कथित तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई है। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियों ने अमित शाह के दौरे को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ये समाचार भी पढ़ें :