मानसून ने बढ़ाई रफ्तार, कई राज्यों में जल्द पहुंचेगा मॉनसून; दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में बारिश से मिली राहत
नई दिल्ली।देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी और उमसभरे मौसम के बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार तक मानसून की उत्तरी सीमा अरब सागर से होते हुए हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राद्री कोठागुडेम, कलिंगपट्टनम, पारादीप, बारिपदा, पुरुलिया, धनबाद और मुजफ्फरपुर तक पहुंच चुकी है। विभाग का कहना है कि अगले चार से पांच दिनों के दौरान परिस्थितियां मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल बनी हुई हैं।
इन राज्यों में जल्द पहुंचेगा मानसून
आईएमडी के अनुसार आगामी दिनों में महाराष्ट्र के शेष हिस्सों, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार तथा दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने की संभावना है। मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ इन क्षेत्रों में वर्षा की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
गर्मी से राहत की उम्मीद
मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की प्रगति के साथ देश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग मानसून की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और नियमित अपडेट जारी कर रहा है।
दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश
सोमवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है और शाम तक कुछ क्षेत्रों में फिर से बारिश हो सकती है।
राजस्थान के कई जिलों में बरसे मेघ
राजस्थान के पूर्वी जिलों में रविवार को कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी हिस्सों में हल्की वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान प्रदेश में कहीं भी लू नहीं चली।
जयपुर जिले के चौमूं में सर्वाधिक 44 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा चित्तौड़गढ़ में 23 मिमी और भीलवाड़ा में 5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले चार से पांच दिनों तक बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और जोधपुर संभाग में बारिश की संभावना जताई गई है।
फलौदी रहा सबसे गर्म
बारिश के बावजूद राजस्थान का फलौदी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जैसलमेर में 41.2 डिग्री, बाड़मेर में 41.1 डिग्री और चूरू में 40.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
