दिल्ली के 9 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, सुबह मचा हड़कंप
सुबह 8:30 से 9 बजे के बीच मिली धमकी भरी कॉल, पुलिस-फायर ब्रिगेड और बम स्क्वॉड ने स्कूलों को कराया खाली, जांच जारी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थित 9 बड़े स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरी कॉल मिली। जानकारी के मुताबिक, यह कॉल सुबह करीब 8:30 से 9 बजे के बीच आई।
धमकी की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वॉड) मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा के मद्देनज़र सभी स्कूलों को तत्काल खाली कराया गया और बच्चों व स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली गई।
फिलहाल किसी भी स्कूल से संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस कॉल करने वाले शख्स की पहचान करने में जुटी है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।
