भारत का टी20 वर्ल्ड कप में धमाकेदार आगाज़, अमेरिका को 29 रन से हराया

0
1-932088109-2-784x441

सूर्यकुमार यादव की नाबाद 84 रन की कप्तानी पारी, भारत ने पहले मुकाबले में दर्ज की जीत

मुंबई: भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। शनिवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने अमेरिका को 29 रनों से शिकस्त दी।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और पावरप्ले में ही चार विकेट गिर गए। अभिषेक शर्मा खाता खोले बिना आउट हो गए। इसके बाद इशान किशन (20) और तिलक वर्मा (25) ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। एक समय भारत का स्कोर 77 रन पर 6 विकेट था।

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 84 रन (49 गेंद) की कप्तानी पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और 4 छक्के लगाए। अक्षर पटेल के साथ उन्होंने सातवें विकेट के लिए महत्वपूर्ण साझेदारी की, जिससे भारत 20 ओवर में 9 विकेट पर 161 रन बनाने में सफल रहा। अमेरिका की ओर से शैडली वान शाल्कविक ने 4 विकेट झटके।

162 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमेरिकी टीम की शुरुआत भी खराब रही। कप्तान मोनांक पटेल बिना खाता खोले आउट हो गए। गॉस, मुक्कमल्ला और मोहसिन जल्दी पवेलियन लौट गए। मिलिंद ने 34 रन बनाए, लेकिन उन्हें भी वरुण चक्रवर्ती ने आउट कर दिया। भारत के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और अमेरिका की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 132 रन ही बना सकी।

भारत की ओर से गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती ने अहम योगदान दिया। इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत की है।

स्कोर संक्षेप:

भारत – 161/9 (20 ओवर)

अमेरिका – 132/8 (20 ओवर)

भारत ने मैच 29 रन से जीता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *