परीक्षा पे चर्चा में सीएम धामी का संदेश, “परीक्षा ज़िंदगी नहीं”

0
cm-dhami_c21f7e2313c39688928423e18cb5fdc2

देहरादून में छात्रों से बोले मुख्यमंत्री—आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच से करें परीक्षा का सामना

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 6 फरवरी 2026 को नेस्विला रोड स्थित सेंट एग्नेस स्कूल में प्रधानमंत्री के ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर छात्रों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देशभर के विद्यार्थी परीक्षा पे चर्चा के नौवें संस्करण से जुड़े हुए हैं और यह कार्यक्रम अब केवल संवाद नहीं बल्कि एक राष्ट्रीय आंदोलन बन चुका है।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश हमें यह सिखाता है कि परीक्षाएं जीवन का एक हिस्सा हैं, पूरा जीवन नहीं। उन्होंने अपने स्कूल के दिनों को याद करते हुए कहा कि स्कूल का समय बेहद कीमती होता है और दोबारा लौटकर नहीं आता, इसलिए पढ़ाई के साथ-साथ खेल और अन्य गतिविधियों में भी छात्रों को सक्रिय रहना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि परीक्षाएं योद्धा की तरह प्रदर्शन करने का अवसर हैं, जिसमें आत्मविश्वास, धैर्य और संयम सबसे जरूरी है। केवल परीक्षा पास करना ही योग्यता का पैमाना नहीं होता, जीवन में लक्ष्य और भी बड़े होते हैं।

उन्होंने छात्रों से स्पष्ट लक्ष्य तय करने, प्राथमिकताओं पर ध्यान देने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें और उनकी तुलना दूसरों से न करें।

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, परीक्षा पे चर्चा 2026 के लिए देशभर से 4 करोड़ से अधिक छात्र, शिक्षक और अभिभावक पंजीकरण करा चुके हैं, जिससे पिछले गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के टूटने की संभावना है। उत्तराखंड से इस वर्ष लगभग 7 लाख छात्र, 53 हजार से अधिक शिक्षक और 14 हजार से ज्यादा अभिभावक इस कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में बड़ी बढ़ोतरी है।

इस बीच उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के जखोली ब्लॉक स्थित राजकीय इंटर कॉलेज पाला कुराली के छात्र रोहन सिंह राणा द्वारा बनाया गया एक प्रेरणादायक वीडियो राष्ट्रीय स्तर पर चयनित हुआ है। रोहन को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली आमंत्रित किया गया है, जिसे राज्य के लिए गर्व का विषय बताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *