देहरादून में बड़ा सड़क हादसा: खाई में गिरी हिमाचल रोडवेज बस, 3 यात्रियों की मौत

0
Bus-fell-into-gorge

करीब 30 यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में गिरी, SDRF ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन; सीएम धामी ने घायलों के इलाज के दिए निर्देश

देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून ज़िले में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (HRTC) की एक बस गहरी खाई में जा गिरी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस में लगभग 30 यात्री सवार थे। इस दर्दनाक हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

यह दुर्घटना कालसी क्षेत्र के क्वानू–मीनस मोटर मार्ग पर हुई। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) तुरंत हरकत में आया। SDRF कमांडेंट अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर डाकपत्थर, चकराता, मोरी और त्यूनी से रेस्क्यू टीमें मौके पर भेजी गईं। दुर्गम इलाके के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने जिला अधिकारी से फोन पर बात कर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। सीएम धामी ने कहा कि आसपास के सभी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। गंभीर रूप से घायलों को जरूरत पड़ने पर एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करते हुए यात्रियों की कुशलता की प्रार्थना की और प्रशासन को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन द्वारा घायलों को अस्पताल पहुंचाने और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *