फरीदाबाद जनसुनवाई में हंगामा: महिला SDO ने पति पर लगाया एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर और अवैध कारोबार का आरोप
फरीदाबाद : हरियाणा राज्य महिला आयोग की जनसुनवाई के दौरान फरीदाबाद के सेक्टर-12 लघु सचिवालय में गुरुवार को रिश्तों के विवादों ने नया मोड़ ले लिया। इस दौरान हरियाणा सरकार में कार्यरत एक महिला SDO ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसका एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर है और वह सेक्सुअल मेडिसिन का अवैध कारोबार करता है।
महिला अधिकारी ने कहा कि उनका पति खुद को आईटी प्रोफेशनल बताता है, लेकिन पिछले पांच सालों से घर का खर्च वह खुद उठा रही हैं। वहीं, पति ने पलटवार करते हुए अपनी पत्नी पर पूर्व प्रेमी से संपर्क बनाए रखने का आरोप लगाया।
जनसुनवाई में आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने फरीदाबाद, पलवल, भिवानी और कुरुक्षेत्र सहित कई जिलों से आई 40 से अधिक शिकायतें सुनीं, जिनमें अधिकांश मामले घरेलू हिंसा और वैवाहिक विवादों से जुड़े थे।
इसी दौरान पलवल की एक महिला ने अपने मायके वालों पर दो बेटियों को बंधक बनाने का आरोप लगाया। उसने बताया कि उसकी दोनों बेटियां गुड़गांव में नाना-नानी और मामा के पास हैं, जो उन्हें वापस नहीं आने दे रहे। आयोग ने इस मामले को “दुर्लभ और चौंकाने वाला” बताते हुए गुड़गांव पुलिस को बेटियों से पूछताछ कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।
