हिसार में स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त छापेमारी बिना मेडिकल डिग्री मरीजों का इलाज कर रहा था युवक, क्लिनिक से दवाइयां और उपकरण जब्त
हिसार: हरियाणा की सीएम फ्लाइंग टीम ने स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर हिसार में एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। टीम ने श्री बालाजी क्लिनिक पर छापा मारकर पाया कि यहां बिना मेडिकल डिग्री वाला युवक मरीजों का इलाज कर रहा था। यही नहीं, क्लिनिक में बिना ड्रग लाइसेंस के दवाइयों का भंडारण भी किया गया था।
रेड का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने किया। मौके पर मिले आरोपी सुनील, निवासी गांव लुदास (हिसार), खुद को क्लिनिक का मालिक बताते हुए मरीजों का इलाज करता मिला। जांच में पाया गया कि उसके पास न तो कोई मान्यता प्राप्त डिग्री थी और न ही किसी तरह का प्रमाण पत्र।
छापेमारी के दौरान दो मरीज क्लिनिक में भर्ती मिले जिन्हें आईवी फ्लूड चढ़ाया जा रहा था। टीम ने वहां से 12 प्रकार की ऐलोपैथिक दवाइयां, मेडिकल उपकरण और दो बेड बरामद किए। ड्रग कंट्रोल ऑफिसर डॉ. अजय कुमार ने दवाओं की जांच की और पाया कि आरोपी के पास न ड्रग लाइसेंस था, न बिक्री/खरीद रजिस्टर, और न ही दवाओं के स्रोत का कोई रिकॉर्ड।
पुलिस को दी गई शिकायत में साफ लिखा गया है कि आरोपी सुनील बिना किसी मान्यता प्राप्त डिग्री के मेडिकल प्रैक्टिस कर रहा था और भोले-भाले मरीजों की जान से खिलवाड़ कर रहा था। अब उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में सीएम फ्लाइंग टीम के साथ स्वास्थ्य विभाग की डॉ. ज्योति, ड्रग कंट्रोल ऑफिसर डॉ. अजय कुमार, एएसआई सुरेंद्र और एचसी विजय भी शामिल रहे।
