📰 हरियाणा के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी: गुरुग्राम, फरीदाबाद और मानेसर में खुलेंगे स्टार्टअप इंक्यूबेशन सेंटर सरकार देगा रियायती दरों पर आधुनिक सुविधाओं वाला स्पेस और तकनीकी समर्थन, भविष्य में अन्य शहरों में भी विस्तार
चंडीगढ़: हरियाणा में अपने स्टार्टअप की शुरुआत करने वाले युवाओं के लिए बड़ी सुविधा मिलने वाली है। सीएम नायब सैनी द्वारा वित्तीय बजट में घोषित पहल के तहत गुरुग्राम, फरीदाबाद और मानेसर में पहले चरण में इंक्यूबेशन सेंटर खोले जाएंगे।
हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम (HSIIDC) ने इन सेंटरों के लिए स्थान चिन्हित कर लिए हैं। अधिकारियों द्वारा ड्राफ्ट मंजूरी के बाद इन सेंटर्स पर काम शुरू किया जाएगा। यदि ये सेंटर सफल रहे, तो पानीपत, सोनीपत और अन्य औद्योगिक शहरों में भी इस सुविधा का विस्तार किया जाएगा।
इंक्यूबेशन सेंटर में पर्सनल और कॉमन स्पेस, कॉमन लैब, मीटिंग रूम और हाई-स्पीड वाईफाई जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। साथ ही युवाओं को सरकार द्वारा तकनीकी सहायता और मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
गुरुग्राम, फरीदाबाद और मानेसर को इस पहल के लिए इसलिए चुना गया है क्योंकि ये प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र और मल्टीनेशनल कंपनियों के मुख्यालयों का केंद्र हैं। इस पहल से स्टार्टअप के शुरुआती दौर में युवाओं को जगह और संसाधनों की समस्या नहीं होगी।
