गुरुग्राम बना स्मार्ट सिटी का नया हब: 109 चौराहों पर लगे स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल, ट्रैफिक टॉवर से होगी लाइव मॉनिटरिंग
गुरुग्राम : गुरुग्राम अब स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन की दिशा में बड़ी छलांग लगा चुका है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल परियोजना का पहला चरण पूरा कर लिया है। इस चरण में सेक्टर-1 से 57 तक के 109 प्रमुख चौराहों पर स्मार्ट ट्रैफिक सिग्नल लगाए गए हैं, जो अब पूरी तरह सक्रिय हैं।
इन सिग्नलों की लाइव फीड जीएमडीए के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के साथ-साथ ट्रैफिक टॉवर से भी मॉनिटर की जा रही है। इसके जरिए ट्रैफिक पुलिस विभाग अब रियल-टाइम में सिग्नलों के संचालन की निगरानी और प्रबंधन कर सकेगा। इसके लिए ट्रैफिक टॉवर में संविदा एजेंसी का एक अभियंता भी तैनात किया गया है, जो पुलिस के साथ लगातार समन्वय बनाए रखेगा।
फेज़-2 के अंतर्गत इस परियोजना का विस्तार सेक्टर 58 से 115 तक किया जा रहा है। इसमें कुल 32 चौराहों को कवर किया जाएगा, जिनमें से 24 पर स्मार्ट सिग्नल लग चुके हैं जबकि 4 पर काम जारी है।
न्यू गुरुग्राम के बजघेड़ा अंडरपास, द्वारका एक्सप्रेसवे, पटौदी रोड, दादी सती चौक, जय सिंह चौक समेत कई प्रमुख जंक्शनों पर ये सिस्टम सक्रिय हो चुका है।
मुख्य महाप्रबंधक मोबिलिटी डिवीजन आर.डी. सिंघल ने बताया कि फेज़-1 पर 16.82 करोड़ और फेज़-2 पर 7.43 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
