Haryana CET Exam 2025: हिसार में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, SP बोले- एक लाख परीक्षार्थियों की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी 26-27 जुलाई को होंगे दो शिफ्ट में एग्जाम, 66 केंद्रों पर सख्त निगरानी, मोबाइल-इलेक्ट्रॉनिक सामान पर बैन
हिसार: हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) द्वारा आयोजित होने वाली कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) 2025 परीक्षा 26 और 27 जुलाई को हिसार में होगी। परीक्षा सुबह 10:00 से 11:45 बजे और शाम 3:15 से 5:00 बजे तक दो शिफ्ट में आयोजित होगी। हिसार शहर में बनाए गए 66 परीक्षा केंद्रों (45 भवनों) पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने विशेष सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्थाएं लागू कर दी हैं।
ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था
-
हिसार एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि परीक्षा में 1 लाख से अधिक अभ्यर्थी और अभिभावक शामिल होंगे।
-
शहर के प्रमुख चौराहों जैसे बस स्टैंड, तलाकी गेट, नागोरी गेट, परिजात चौक, फव्वारा चौक, कैंप चौक आदि पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
-
भारी वाहनों को बायपास से डायवर्ट किया जाएगा और नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को क्रेन से हटाया जाएगा।
-
परीक्षा केंद्रों से 500 मीटर दूर पार्किंग व्यवस्था की गई है।
परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी
-
हर परीक्षा केंद्र पर 8 पुलिसकर्मी, जिनमें महिला स्टाफ भी होगा, तैनात रहेंगे।
-
CCTV निगरानी, जैमर, बायोमैट्रिक सत्यापन, वीडियोग्राफी और फिस्किंग जैसी व्यवस्थाएं लागू रहेंगी।
-
मोबाइल, ब्लूटूथ, टैबलेट, ईयरफोन, हिडन कैमरा, बेल्ट, पर्स, पेन, किताबें और पानी की बोतल जैसी वस्तुएं परीक्षा केंद्र में पूरी तरह प्रतिबंधित होंगी।
-
नियम तोड़ने वाले उम्मीदवार की परीक्षा रद्द कर दी जाएगी और उन्हें भविष्य की HSSC परीक्षाओं से भी वंचित किया जाएगा।
अतिरिक्त आदेश
-
परीक्षा के दौरान कोई भी इनविजिलेटर, क्लर्क, हेल्पर या चपरासी केंद्र से बाहर नहीं जा सकेगा।
-
परीक्षा केंद्रों के आसपास के कोचिंग सेंटर, स्टेशनरी और फोटोकॉपी की दुकानें बंद रहेंगी।
-
ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
पुलिस की अपील
एसपी ने आम नागरिकों से अपील की है कि परीक्षा के दौरान शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें, नियमों का पालन करें और परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़भाड़ न करें।
