कांग्रेस ने एलटी चयनित अथ्यर्थियों के आंदोलन का दिया समर्थन
देहरादून। पिछले कई महीनों से अपनी नियुक्ति के लिए दर दर भटक रहे एलटी चयनित अभ्यर्थियों को समर्थन देने कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा और वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्मान शिक्षा निदेशालय पहुंचे। उन्होंने आन्दोलंतरत अभ्यर्थियों को आश्वासन दिया कि वे उनकी अति शीघ्र नियुक्ति के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि वे बहुत व्यथित हैं कि यूके ट्रिपल एससी की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बावजूद पिछले छह महीनों से राज्य के शिक्षित 1352 अभ्यर्थी अपना नियुक्ति पत्र लेने के लिए दर दर की ठोकर खा रहे हैं। सरकार और सरकारी सिस्टम उनकी समस्या के समाधान प्रति उदासीन रवैया अपनाए हुए है। जिसके कारण आज इतनी बरसात के मौसम में खुले असमान के नीचे भीगते हुए चयनित अभ्यर्थियों को सड़क पर धरने में बैठना पड़ रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि वे उनकी समस्या के समाधान के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री व राज्यपाल से भी मिलकर इस समस्या का समाधान करवाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस एलटी अभ्यर्थियों के एक सूत्री मुद्दे पर सड़क सदन व न्यायालय हर जगह पूरी ताकत खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि आगामी 25 जुलाई को माननीय उच्च न्यायालय नैनीताल में उनके मामले की पैरवी राज्य सरकार के महाधिवक्ता पूरी तत्परता से करें इसके लिए कांग्रेस राज्य सरकार के न्याय विभाग व मुख्य सचिव से भी आग्रह करेगी। श्री धस्माना ने कहा कि अगर 25 जुलाई को भी यह मामला नहीं सुलझा तो पार्टी के विधानमंडल दल में इस मुद्दे को रखा जाएगा। विधानसभा के आगामी मॉनसून सत्र में कांग्रेस पार्टी सदन में सरकार से सवाल करेगी और सरकार पर दबाव बनाएगी।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा के मीडिया सलाहकार सरदार अमरजीत सिंह, प्रदेश महासचिव नवीन जोशी, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी, प्रदेश श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल, प्रदेश प्रवक्ता गिरिराज किशोर हिंदवाण भी उपस्थित रहे। एलटी चयनित अभ्यर्थियों के नेता रोहित असवाल, गौरव नौटियाल,जोगेंद्र नाथ, रमेश पांडे, जोगेंद्र नाथ, रोहित असवाल, बलदेव पंवार, नरेंद्र सिंह, विवेक उनियाल, आरती असवाल समेत बड़ी संख्या में एलटी चयनित अभ्यर्थिय उपस्थित रहे।
