महाकुंभ में श्रद्धालुओं की जेब पर डाका! 8 दिन में 4 गुना बढ़ा हवाई किराया, यात्रियों की जेब काट रही एयरलाइंस प्रयागराज जाने वालों के लिए चिंता की खबर: चंडीगढ़ से फ्लाइट का किराया 12 हजार से बढ़कर पहुंचा 53 हजार, बुकिंग भी बंद
चंडीगढ़: प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में लाखों श्रद्धालुओं की आस्था जहां उमड़ रही है, वहीं एयरलाइंस कंपनियां इस भीड़ को मुनाफे का जरिया बना रही हैं। शहीद भगत सिंह इंटरनैशनल एयरपोर्ट (चंडीगढ़) से प्रयागराज जाने वाली साप्ताहिक फ्लाइट्स का किराया महज आठ दिनों में चार गुना तक बढ़ गया है।
13 जनवरी को शुरू हुई पहली फ्लाइट में जहां आने-जाने का अधिकतम किराया ₹12,894 था, वहीं 27 जनवरी की उड़ान का किराया ₹53,492 तक पहुंच चुका है। आने वाले सप्ताह की फ्लाइट्स की टिकटें तो पहले ही बिक चुकी हैं और अब ऑनलाइन बुकिंग भी बंद कर दी गई है।
उपभोक्ता कार्यकर्ता ने उठाई आवाज
इस मामले में उपभोक्ता अधिकार कार्यकर्ता अजय जग्गा ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री को पत्र लिखकर डार्क पैटर्न के जरिए महंगी टिकटें बेचने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि एयरलाइंस यात्रियों पर महंगी टिकटें खरीदने का दबाव बना रही हैं, जो उपभोक्ता संरक्षण नियमों का उल्लंघन है।
सीटें फुल, राहत के नाम पर सिर्फ वादे
एलाइंस एयर द्वारा संचालित 72-सीटर फ्लाइट्स की सभी सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी का कहना है कि अन्य एयरलाइंस से बात की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई अतिरिक्त फ्लाइट नहीं जोड़ी गई है।
