🚨 पंजाब के ट्रांसपोर्ट विभाग में भ्रष्टाचार की बाढ़! विजिलेंस के बाद अब अफसरों पर बड़ी गाज गिरने की तैयारी पटियाला से शुरू होकर मोरिंडा और चमकौर साहिब तक फैल रहा घोटालों का जाल, सरकार ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत
पटियाला : पंजाब सरकार के ट्रांसपोर्ट विभाग में भ्रष्टाचार की परतें एक-एक कर खुलती जा रही हैं। रोजाना नए घोटालों और अधिकारियों-कर्मचारियों की बाहरी एजेंटों के साथ मिलीभगत के मामले सामने आ रहे हैं।
हाल ही में ड्राइविंग लाइसेंस घोटाले में विजिलेंस चीफ सुरिंदर पाल सिंह परमार, एसएसपी सवरनप्रीत सिंह और हरप्रीत सिंह को सस्पेंड कर बड़ी कार्रवाई की गई थी। अब पटियाला ट्रांसपोर्ट विभाग में बाहरी राज्यों के वाहनों के नंबर मॉडिफाई कर टैक्स चोरी करने और सरकार को लाखों का चूना लगाने के गंभीर आरोप लग रहे हैं।
पिछले दिनों पटियाला विजिलेंस ने ड्राइविंग ट्रैक पर रेड की थी, जहां एजेंटों और मुलाजिमों को रडार पर लिया गया, लेकिन कार्रवाई शून्य रही। पातड़ा में पीबी 72 ए सीरीज़ में टैक्स चोरी के मामलों की भी चर्चा जोरों पर है। यदि इन मामलों की उच्च स्तरीय जांच होती है तो कई और घोटाले और काली कमाई का खुलासा हो सकता है।
प्रदेश के अन्य जिलों जैसे बठिंडा, फतेहगढ़ साहिब और मोहाली में भी ट्रांसपोर्ट कार्यालयों में भ्रष्टाचार के खिलाफ छापेमारी हो चुकी है, जिसमें अधिकारियों की गिरफ्तारी तक हुई है।
अब पटियाला, पातड़ा, मोरिंडा और चमकौर साहिब के दफ्तर भी विजिलेंस के रडार पर आ चुके हैं। सरकार ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही सख्त कार्रवाई होगी और सरकारी खजाने को चूना लगाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
