⚖️ फर्जी जाति प्रमाण पत्र मामला: मेयर, DC और ADC कोर्ट तलब, हाई कोर्ट ने भी भेजा नोटिस गुड़गांव नगर निगम चुनाव में गड़बड़ी का आरोप, 1 और 22 मई को देनी होगी कोर्ट में हाजिरी

0
Screenshot 2025-04-25 071039

गुड़गांव: नगर निगम गुड़गांव की मेयर राज रानी मल्होत्रा की मुसीबतें लगातार बढ़ रही हैं। फर्जी जाति प्रमाण पत्र के आरोपों पर अब सिविल कोर्ट और पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए मेयर, डीसी अजय कुमार और एडीसी हितेश मीणा को तलब किया है। इसके साथ ही कांग्रेस प्रत्याशी सीमा पाहुजा को भी कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया गया है।

सिविल कोर्ट ने सभी को 1 मई को दस्तावेजों के साथ पेश होने का आदेश दिया है, जबकि हाई कोर्ट में अगली सुनवाई 22 मई को होगी। यह पूरा मामला नगर निगम चुनाव में बीसीए वर्ग के लिए आरक्षित सीट पर कथित फर्जी जाति प्रमाणपत्र के आधार पर चुनाव लड़ने को लेकर है।

महाराज दक्ष प्रजापति महासभा के अध्यक्ष यशपाल प्रजापति ने इस मामले में दो याचिकाएं दायर की हैं। उनका आरोप है कि राजनीतिक लाभ के लिए जाति प्रमाणपत्र रविवार के दिन नियमों के विरुद्ध जारी किया गया, और इस पर एडीसी और डीसी ने चुप्पी साधे रखी।

हाई कोर्ट ने हरियाणा सरकार, मेयर राज रानी मल्होत्रा और अन्य प्रतिवादियों से जवाब मांगा था, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। अब सभी की निगाहें कोर्ट की आगामी सुनवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *