टनकपुर: एडवेंचर स्पोर्ट्स निवेश को लेकर प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम् ने किया भ्रमण
चम्पावत। प्रमुख सचिव, नियोजन विभाग, डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम ने 24 अप्रैल को टनकपुर क्षेत्र का भ्रमण किया। डॉ. मीनाक्षी सुन्दरम ने एनएचपीसी गेस्ट हाउस, बनबसा में एडवेंचर स्पोर्ट्स के क्षेत्र में संभावित निवेश को लेकर अन्तर्राष्ट्रीय इन्वेस्टर्स एवं खिलाड़ियों के साथ बैठक की।
बैठक के बाद प्रमुख सचिव, ए जे हैकेट, डेनियल व अन्य निवेशकों के साथ शारदा बैराज के स्थलीय निरीक्षण कर गये और एडवेंचर स्पोर्ट्स, ऐयरो स्पोर्ट्स की संभावनाओं पर चर्चा की।
इस दौरान उन्होंने शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत प्रस्तावित एडवेंचर स्पोर्ट्स स्थलों नाइक गोठ, किरौड़ा नाला और चूका बीच आदि का निवेशकों के साथ हवाई सर्वेक्षण भी किया।
बैठक में शारदा बैराज क्षेत्र में एडवेंचर स्पोर्ट्स तथा पर्यटन विकास की संभावनाओं पर व्यापक चर्चा की गई। सचिव ने बताया कि शारदा कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत वैश्विक निवेश को प्रोत्साहित करते हुए इस क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर का एडवेंचर स्पोर्ट्स हब बनाने की दिशा में राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
बैठक में उप जिलाधिकारी टनकपुर आकाश जोशी, जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़, प्र मत्स्य निरीक्षक कुंवर सिंह बगड़वाल, ए जे हैकेट,डेनियल ( ए जे हैकेट कंपनी से) सहित शारदा कोरिडोर और एनएचपीसी के अधिकारी सहित अन्य उपस्थित रहे।
