लुधियाना में बाइक सवार लुटेरों का आतंक! युवक से मारपीट कर लूटा मोबाइल और नकदी गुरुद्वारा के पास वारदात, लुटेरों ने दी जान से मारने की धमकी, पुलिस ने की आरोपियों की पहचान
लुधियाना: शहर में लूटपाट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं! जवद्दी टकसाल गुरुद्वारा के पास दो बाइक सवार लुटेरों ने एक युवक को घेरकर उससे मोबाइल और नकदी छीन ली। लूट के दौरान लुटेरों ने पीड़ित के साथ मारपीट भी की और फरार होते समय उसे जान से मारने की धमकी दी। घायल युवक की पहचान लवकुश माथुर (निवासी जवद्दी कलां) के रूप में हुई है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना दुगरी पुलिस ने जांच शुरू की और लवकुश के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान अभय कुमार और गौरव कुमार उर्फ मुंगी के रूप में की गई है।
कैसे दिया वारदात को अंजाम?
पीड़ित लवकुश के मुताबिक, वह रात करीब 10 बजे जवद्दी से पंजाबी बाग जा रहा था। जैसे ही वह गुरुद्वारा टकसाल के पास पहुंचा, काले रंग की बाइक पर सवार दो लुटेरों ने उसे घेर लिया और मारपीट कर उसका मोबाइल व नकदी छीन ली। पीड़ित ने लुटेरों की बाइक का नंबर नोट कर लिया, जिसकी मदद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
