विदेशी लड़का-लड़की का पंजाब में अपहरण! श्रीलंका से आए नागरिकों को बंधक बना मांगे 8000 यूरो, पुलिस ने 24 घंटे में बचाया
श्रीलंका से घूमने आए दो नागरिकों को अगवा कर अमेरिकी डॉलर और यूरो की फिरौती मांगी, पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर आरोपियों को धर दबोचा।
अमृतसर: पंजाब में विदेशी नागरिकों के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। श्रीलंका से भारत घूमने आए कनिष्का और सुमरथन को वर्क परमिट देने का झांसा देकर अगवा कर लिया गया। अपहरणकर्ताओं ने उनके परिवार से 3000 अमेरिकी डॉलर छीनने के बाद 8000 यूरो की और मांग की। धमकी दी गई कि रकम ना मिलने पर दोनों की जान ले ली जाएगी।
श्रीलंका के नागरिक नीलजीबन ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वे अपने पांच दोस्तों के साथ भारत घूमने आए थे। दिल्ली में मिले एक श्रीलंकाई नागरिक ने उन्हें अलबेनिया का वर्क परमिट दिलाने का वादा कर अमृतसर बुलाया। वहां, आरोपियों ने पासपोर्ट और वीजा लेकर उनके दो दोस्तों को अगवा कर लिया।
पुलिस ने कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे में दोनों को सुरक्षित छुड़ा लिया। आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय अंकित और 23 वर्षीय इंद्रजीत सिंह के रूप में हुई है। इंद्रजीत के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मामले दर्ज हैं।
वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली गई है, और पुलिस तीसरे फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस की अलग-अलग टीमों ने यह ऑपरेशन सफल बनाया। अदालत में आरोपियों को पेश कर रिमांड लिया जाएगा, ताकि मामले की आगे जांच की जा सके।
