पंजाब पुलिस के जवानों को नए साल का तोहफा, 126 कांस्टेबल्स बने हेड कांस्टेबल पटियाला रेंज में 126 पुलिसकर्मियों का प्रमोशन, संगरूर के 18 कांस्टेबल्स को मिली नई जिम्मेदारी
संगरूर: नए साल के आगमन के साथ ही पंजाब पुलिस के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। जिला संगरूर के 18 कांस्टेबल्स को प्रमोट कर हेड कांस्टेबल बनाया गया है। यह जानकारी पटियाला रेंज के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (डीआईजी) मंदीप सिंह सिद्धू ने साझा की।
उन्होंने बताया कि यह प्रमोशन सेंट्रल सीनियरिटी रोस्टर के आधार पर हुई है। प्रमोशन प्रक्रिया के लिए डिपार्टमेंटल प्रमोशनल कमेटी (डीपीसी) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पटियाला रेंज के अंतर्गत संगरूर, पटियाला, बरनाला और मलैरकोटला जिलों के कुल 107 पुलिसकर्मियों को हेड कांस्टेबल के पद पर प्रमोट किया गया। इसके अलावा, जीआरपी के 19 कर्मचारियों को भी यह पदोन्नति मिली, जिससे कुल संख्या 126 हो गई।
सिद्धू ने प्रमोशन पाने वाले सभी पुलिसकर्मियों को बधाई दी और कहा कि यह उनके काम और समर्पण का सम्मान है। उन्होंने कहा कि यह तरक्की न केवल नई जिम्मेदारियां लाएगी, बल्कि पुलिस बल के संचालन और कमांड में भी सुधार करेगी।
संगरूर के हेड कांस्टेबल बने कर्मचारियों ने विभाग का धन्यवाद करते हुए अपने कर्तव्यों को और बेहतर तरीके से निभाने का संकल्प लिया। डीआईजी सिद्धू ने सभी कर्मचारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
नए साल में यह प्रमोशन पंजाब पुलिस के लिए एक सकारात्मक शुरुआत है, जो उनके कड़ी मेहनत और समर्पण को पहचानने का प्रतीक है।
