अमेरिका से जुड़ा पंजाब के हत्या केस में नया मोड़, परिवार ने जताई सुपारी की आशंका पुलिस कर रही है जांच, परिवार का आरोप – अमेरिका में बैठे जगरूप सिंह ने दिया था हत्या की सुपारी।
अमृतसर: अमृतसर के जंडियाला गुरु के अंतर्गत कस्बा धराड़ में 29 अगस्त को हुए कुलबीर सिंह की हत्या मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। मृतक के परिवार का आरोप है कि हत्या की सुपारी अमेरिका में बैठे जगरूप सिंह ने दी थी। परिवार के अनुसार, कुलबीर सिंह का 10 साल पहले जगरूप सिंह की बहन से रिश्ते थे, जिनकी बाद में आत्महत्या हो गई थी। इस मामले में आरोपियों ने कुलबीर सिंह पर झूठा मुकदमा दर्ज करवाया था, और वह दो साल तक जेल में भी रहे थे। बरी होने के बाद, परिवार का दावा है कि जगरूप सिंह ने रंजिश के कारण उनकी हत्या करने के लिए सुपारी दी।
पुलिस ने अमेरिका में बैठे जगरूप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, मृतक के माता-पिता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और आरोप लगाया है कि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में लापरवाही बरत रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वह बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
एस.एस.पी. ग्रामीण चरणजीत सिंह ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। साथ ही, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या विदेश से सुपारी भेजी गई थी या नहीं।
