Teachers Day पर CM मान का बड़ा ऐलान: 77 अध्यापकों का सम्मान, नई भर्तियों का वादा पंजाब के सरकारी स्कूलों में बढ़ेंगे अध्यापक, शिक्षा सुधारों पर CM का फोकस
होशियारपुर: अध्यापक दिवस के अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने होशियारपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लिया और 77 मेहनती अध्यापकों को सम्मानित किया। उन्होंने 55 को स्टेट अवॉर्ड, 10 को यंग टीचर अवॉर्ड, 5 को प्रबंधकीय अवॉर्ड और 7 को विशिष्ट सम्मान प्रदान किया। इस मौके पर सीएम मान ने अध्यापकों के लिए नई भर्तियों की घोषणा की, जिसमें पंजाबी के साथ अन्य विषयों के अध्यापक शामिल होंगे।
शिक्षा के क्षेत्र में बड़े सुधारों का ऐलान:
सीएम मान ने कहा कि पंजाब के सरकारी स्कूलों में दाखिले लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस बार 158 छात्रों ने जेईई परीक्षा पास की है। शिक्षकों को केवल पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की बात करते हुए उन्होंने वादा किया कि अध्यापकों को अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त किया जाएगा।
पेरेंट्स-टीचर मीटिंग और सिलेबस में सुधार:
मान ने खुलासा किया कि इस बार 20 लाख अभिभावकों ने पेरेंट्स-टीचर मीटिंग में हिस्सा लिया, जिससे बच्चों की शिक्षा में सुधार हो रहा है। उन्होंने सिलेबस को आधुनिक बनाने की बात कही और कहा कि बच्चों को ऐसी शिक्षा दी जाएगी जो उनके जीवन के लिए उपयोगी हो।
CM का ट्वीट:
सीएम मान ने ट्वीट कर कहा, “आज अध्यापक दिवस के मौके पर होशियारपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में भाग लिया… मेहनती अध्यापकों को सम्मानित किया। अध्यापक पीढ़ियों के निर्माता होते हैं। माता-पिता के बाद बच्चों के जीवन में सबसे अहम भूमिका अध्यापक निभाते हैं। देश के भविष्य निर्माण में जुटे सभी अध्यापकों को शुभकामनाएं।”
