नूंह हिंसा के आरोपी बिट्टू बजरंगी का चुनावी दांव! NIT से निर्दलीय लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
समर्थकों संग नामांकन दाखिल, बोले- जनता ने मुझे मैदान में उतारा, अबकी बार बदलाव तय
फरीदाबाद : नूंह हिंसा में चर्चा में आए बिट्टू बजरंगी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में उतरने का ऐलान कर दिया है। फरीदाबाद की NIT विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर उन्होंने अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान मीडिया से बातचीत में बिट्टू ने क्षेत्र की जनता को अपना सबसे बड़ा समर्थक बताया और दावा किया कि इस बार क्षेत्र में बदलाव होगा।
बिट्टू बजरंगी का बयान:
बिट्टू ने कहा, “नेताओं ने NIT की जनता को बार-बार ठगा है। जनता अब बदलाव चाहती है। मेरे साथ हजारों लोग हैं, लेकिन यह चुनाव पैसे का नहीं, जनता के विश्वास का है।” उन्होंने कहा कि यदि नेताओं ने विकास किया होता तो उन्हें जनता से माफी मांगने की नौबत न आती। साथ ही, बिट्टू ने अपनी पहचान को बहन-बेटियों और गायों के मुद्दे पर आवाज उठाने वाले नेता के तौर पर प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री पर निशाना:
बिट्टू ने कहा कि विधायक बनने के बाद उनके खिलाफ 2-4 और केस दर्ज हो सकते हैं, लेकिन वह सच्चाई के लिए आवाज उठाना बंद नहीं करेंगे। गायों के नाम पर करोड़ों का बजट आता है, लेकिन उसका उपयोग कहां होता है, यह बड़ा सवाल है।
आगे की रणनीति:
बिट्टू ने जनता से वादा किया कि क्षेत्र के विकास और युवाओं के लिए रोजगार प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि यह चुनाव जनता के अधिकारों की लड़ाई है और इस बार बदलाव निश्चित है।
