मुख्यमंत्री नायब सिंह ने मुफ्त किडनी और लिवर ट्रांसप्लांट की दी सौगात, अब ₹3 लाख तक का इलाज होगा संभव
चंडीगढ़। हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और सुलभ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह ने ऐतिहासिक पहल को स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री मुफ्त इलाज योजना (एमएमएमआईवाई) के तहत पात्र रोगियों को ₹3 लाख तक की मुफ्त किडनी और लिवर ट्रांसप्लांट सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना – आयुष्मान भारत (पीएमजेएवाई-एबी) के तहत ₹3 लाख का विशेष फिक्स्ड पैकेज भी मंजूर किया गया है, जिससे गंभीर किडनी और लिवर प्रत्यारोपण से संबंधित खर्चों का वहन किया जा सकेगा।
स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य उन जरूरतमंद रोगियों को जीवन रक्षक चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना है, जो अब तक वित्तीय बाधाओं के कारण इन सेवाओं से वंचित थे। इस सुविधा के तहत, मरीज पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PGIMS), रोहतक में मुफ्त इलाज करवा सकेंगे।
स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा बदलाव
डॉ. गुप्ता ने कहा कि पहले एमएमएमआईवाई के तहत किडनी और लिवर ट्रांसप्लांट के खर्चों को कवर करने का कोई प्रावधान नहीं था। अब, इस ऐतिहासिक कदम से जरुरतमंद रोगियों को उपचार सुलभ होगा। उन्होंने इसे समाज के कमजोर वर्गों को व्यापक चिकित्सा देखभाल प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
सरकार की इस पहल से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच में उल्लेखनीय सुधार होगा। डॉ. गुप्ता ने कहा, “हर नागरिक को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा देखभाल प्रदान करना हमारा प्राथमिक लक्ष्य है।”
