हरियाणा में गोमांस के शक में बंगाल के मजदूर की क्रूर हत्या, 5 गिरफ्तार, CM ने दी प्रतिक्रिया
हरियाणा के चरखी दादरी जिले में एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां गौरक्षक दल के पांच लोगों ने पश्चिम बंगाल के एक प्रवासी मजदूर साबिर मलिक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोप है कि साबिर पर गौमांस खाने का शक था, जिसके चलते उसे बुरी तरह मारा गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी गौरक्षक दल के सदस्य अभिषेक, मोहित, रविंदर, कमलजीत और साहिल ने साबिर मलिक को धोखे से कबाड़ की दुकान पर बुलाया और वहां उसकी पिटाई की। जब स्थानीय लोगों ने बचाव की कोशिश की, तो आरोपी उसे दूसरी जगह ले गए और फिर से उसे मारा, जिससे उसकी मौत हो गई।
पीड़ित साबिर मलिक झुग्गी में रहने वाला एक कबाड़ बेचने वाला मजदूर था, जो अपनी रोजी-रोटी के लिए प्लास्टिक कचरा और कबाड़ बेचता था। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है, जिसमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि गांवों में गोमाता के प्रति गहरी श्रद्धा है और इस प्रकार की घटनाओं को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने यह भी कहा कि गौरक्षा के लिए विधानसभा में सख्त कानून बने हैं और गोहत्या के मामले में कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
