मुजफ्फरनगर: 80 लोगों ने इस्लाम छोड़कर हिंदू धर्म में की ‘घर वापसी’, आजम खान पर लगाए गंभीर आरोप

5eba1a299aa9a192bd694581fe34960c1670825336499448_original

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में रविवार की देर शाम तकरीबन दर्जनभर परिवार के 80 सदस्यों ने इस्लाम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म में घर वापसी की है. दरअसल, रामपुर जनपद निवासी धोबी समाज से दलित वर्ग के दर्जनभर परिवार के लगभग 80 सदस्यों को रविवार की देर शाम बघरा ब्लॉक स्थित योग साधना आश्रम के महाराज यशवीर जी ने गंगाजल से शुद्धिकरण कराकर सभी के गले में जनेऊ धारण कर गायत्री मंत्र उच्चारण के साथ यज्ञ में आहुति डलवाकर इन सभी लोगों को इस्लाम धर्म से हिंदू धर्म से वापसी कराई है.

इस्लाम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म में वापसी करने वाले रामपुर जनपद के निवासी इन लोगों ने आजम खान पर आरोप लगाते हुए कहा है कि 12 साल पहले आजम खान के द्वारा जबरन हिंदू धर्म से उनका धर्म परिवर्तन कराकर मुस्लिम बनवाया गया था. आरोप यह भी है कि जिसके बाद इन लोगों की जमीन जायदाद भी आजम खान के गुर्गों द्वारा हड़प ली गई थी. जिससे परेशान होकर 12 साल बाद इन सभी लोगों ने मुस्लिम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म में घर वापसी की है.

क्या है पूरा मामला?

इस दौरान इमराना से कविता बनी एक महिला ने बताया, “12 साल पहले आजम खान के लोगों ने हमारा धर्म परिवर्तन कराया था. उन्होंने हमारे साथ कुछ अच्छा नहीं किया. हम परेशान थे, आजम खान के दबाव में ही हमारा धर्म परिवर्तन कराया गया था और हमें हिंदू से मुसलमान बनाया गया था. इसके बाद उन्होंने हमारी जमीन भी छीन ली थी. बहुत लोगों के साथ उन्होंने ऐसा ही किया है.”

वहीं हरजाना से सविता बनी महिला ने बताया, “पहले वह सविता ही थी, लेकिन आजम खान के दबाव में हम मुसलमान बन गए थे. हमारी जमीन जायदाद भी छीन ली गई थी. आजम खान की वजह से लाखों लोग परेशान हुए हैं. जबरदस्ती हमें मुसलमान बनाया गया. अब हम अपने लोगों में आकर बहुत खुश हैं.”

वहीं इन सब लोगों को धर्म में वापसी कराने वाले यशवीर महाराज ने बताया, “रामपुर निवासी धोबी समाज से दलित वर्ग के कई परिवारों के 80 सदस्यों की हिंदू धर्म में घर वापसी कराई गई है. इन सभी लोगों पर समाजवादी सरकार में आजम खान के द्वारा अत्याचार किया गया है. इन सभी लोगों को लालच देकर डरा धमकाकर हिंदू से मुसलमान बनवाया गया था और इन सब का शुद्धिकरण कराकर घर वापसी कराई गई है. अब तक हम तकरीबन 530 लोगों की हिंदू धर्म में वापसी करवा चुके हैं.”