गुजरात विधानसभा चुनाव 2022: ‘अगर बीजेपी को बहुमत मिलता है…’,: अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद को लेकर कही ये बात

amit-shah-1634262822
भारतीय जनता पार्टी  के सीनियर नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद में कहा है कि अगर बीजेपी अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल करती है तो भूपेंद्र पटेल गुजरात के मुख्यमंत्री बने रहेंगे।
अमित शाह के इस बयान से स्पष्ट होता है कि भूपेंद्र पटेल भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं। बता दें कि भूपेंद्र पटेल ने सितंबर 2021 में मुख्यमंत्री के रूप में विजय रूपानी की जगह ली थी। भूपेंद्र पटेल घाटलोडिया निर्वाचन क्षेत्र से पहली बार विधायक बने हैं। उन्हें उसी सीट से फिर से पार्टी ने टिकट दिया है।

आम आदमी पार्टी ने गढ़वी को बनाया है उम्मीदवार

इससे पहले अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी ने सार्वजनिक सर्वेक्षण करने के बाद पार्टी नेता इसुदन गढ़वी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया था। कांग्रेस ने चुनाव के लिए मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं करने का फैसला किया है।

बता दें कि गुजरात की कुल 182 सीटों के लिए दो चरणों में एक और पांच दिसंबर को मतदान होगा। मतगणना आठ दिसंबर को होगी।

2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य की 99 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस ने 77 सीटें जीती थीं। इस बार मुकाबले में आम आदमी पार्टी भी भाजपा और कांग्रेस को कड़ी टक्कर देती दिख रही है।