मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद भावुक हुए अखिलेश, कहा- ‘मेरे पिताजी और…’
समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का आज मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उनका लंबे समय से उपचार चल रहा था। उनके निधन से बेटे अखिलेश यादव और पूरे परिवार में शोक की लहर है। उनके निधन की सूचना देते हुए अखिलेश यादव ने कहा है कि ‘मेरे पिताजी और सबके नेताजी नहीं रहे’।
मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेता जी नहीं रहे – श्री अखिलेश यादव
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) October 10, 2022
एक सप्ताह से अस्पताल में भर्ती थे मुलायम
बता दें कि करीब एक सप्ताह से समाजवादी पार्टी के संस्थापक और वर्तमान में संरक्षक की भूमिका निभा रहे 84 वर्षीय मुलायम सिंह यादव करीब एक सप्ताह से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। अस्पताल की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक उनको सांस लेने में दिक्कत थी। इसके अलावा उनकी किडनी में भी परेशानी बताई गई थी। अस्पताल प्रबंधन की ओर से रोजाना उनका हेल्थ बुलेटिन जारी किया जाता था। डॉक्टरों ने बताया था कि वह कुछ दिनों से वह जीवन रक्षक दवाओं के सहारे थे।
उत्तरप्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव
बता दें कि मुलायम सिंह यादव को उत्तरप्रदेश की राजनीति में पितामाह माना जाता है। वे लगातार तीन बार तक उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे थे। इसके अलावा उनका राजनैतिक करियर काफी लंबा है। हालांकि कुछ सालों से तबीयत खराब होने के चलते वे चुनावी रैलियों और आयोजनों से दूर ही रहते थे और ज्यादा एक्टिव नहीं थे। उन्होंने ही अपने बेटे अखिलेश यादव को राजनीति के गुण सिखाए और वे आज समाजवादी पार्टी का नेतृत्व कर रहे हैं।
