अगले 3 से 4 दिनों तक इन 6 राज्यों में भारी बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने बिजली गिरने के साथ जारी किया ये अलर्ट
देश में इन दिनों मानसून काफी सक्रिय है। देश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। बारिश की वजह से कई जगहों पर जहां मौसम सुहाना हो गया है वहीं कई जगहों पर बाढ़ और जलभराव की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। मौसम विभाग (MID) ने अगले कुछ और कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने पांच अगस्त तक देशभर में भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
पूर्वी हिस्से में मानसून के आगे बढ़ने के साथ पश्चिम बंगाल के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिसके मानसून के पश्चिम की ओर झारखंड और बिहार की तरफ बढ़ने के आसार हैं। इस वजह से इन राज्यों में आज भारी बारिश होने की संभावना है। अगले 48 घंटों के दौरान पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना है। दिल्ली और हरियाणा में बादल छाये रहेंगे और कई हिस्सों में हल्की से भारी बारिश हो सकती है। दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में अगले तीन-चार दिन तक ऐसे ही हालात बने रहेंगे।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में चार अगस्त तक भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में को भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मध्य भारत, महाराष्ट्र और गुजरात में अगले तीन-चार दिनों में बारिश में कमी आने की संभावना है।
स्काईमेट वेदर के रिपोर्ट की मानें तो झारखंड, उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों और पूर्वी राजस्थान में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। साथ ही साथ पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, पंजाब के कुछ हिस्सों, हरियाणा, दिल्ली, बिहार में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर और दक्षिण पूर्व राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, विदर्भ के कुछ हिस्सों, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं, मध्य महाराष्ट्र, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, लक्षद्वीप और आंतरिक कर्नाटक में हल्की बारिश होने की आशंका है।
