2021 के अंत तक सभी योग्य आबादी का होगा टीकाकरण-केंद्र सरकार
सुप्रीम कोर्ट में कोविड (स्वतः संज्ञान) मामले की सुनवाई के दौरान सरकार की तरफ से बताया गया कि इस साल के अंत तक सभी योग्य लोगों को कोविड से बचाव का टीकाकरण हो जाएगा।
सरकार की तरफ से कोर्ट को बताया गया कि फ़ाइजर सहित कई और विदेशी वैक्सिन निर्माता कम्पनियों से बात चल रही है, जो एडवांस स्टेज में है। और ये वैक्सीन भी मिल जाती है तो टीकाकरण का काम पहले भी पूरा हो सकता है। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि घरेलू वैक्सीन उत्पादकों – सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया, भारत बायोटेक और रेड्डीज लैब से उत्पादन – 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को टीका लगाने के लिए पर्याप्त होगा।
कोर्ट ने केंद्र सरकार के वकील से पूछा कि कुछ राज्य और म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन वैक्सिन के लिए ग्लोबल टेंडर निकाल रहे हैं क्या यही देश की पॉलिसी है? क्या राज्यों यह राज्यों पर छोड़ दिया गया है कि वह अपने लिए वैक्सिन मंगाएं? देश में वैक्सीन की खुराक कम होने के चल रहे संकट पर प्रकाश डालते हुए, शीर्ष अदालत ने कहा कि केंद्र सरकार को पूरे देश के लिए टीकों की सोर्सिंग का जिम्मा लेना चाहिए।
केंद्र सरकार की वैक्सीन पॉलिसी पर सवाल उठाते हुए जस्टिस चंद्रचूड़ ने कहा कि राज्यों में वैक्सीन की कीमत केंद्र सरकार की कीमत से अभी भी अधिक है। जस्टिस चंद्रचूड़ ने कहा कि आप (सरकार) डिजीटल इंडिया, डिजीटल इंडिया कहते रहते हैं, लेकिन आप जमीनी वास्तविकताओं से अवगत नहीं हैं।
