कोरोना की दूसरी लहर ऑउट ऑफ कंट्रोल,24 घंटे में रिकॉर्ड 2 लाख से ज्यादा नए केस

corona

देश में कोरोना का विस्फोट हो रहा है। कोरोना की दूसरी लहर लगातार ऑउट ऑफ कंट्रोल होती जा रही है। कोरोना के बढ़ते रफ्तार ने केंद्र और राज्य सरकारों के साथ-साथ आम लोगों को टेंशन में डाल दिया है। कोरोना को लेकर एकबार फिर से लोगों की धड़कनें तेज होने लगी है। आलम यह है कि देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के रिकॉर्ड 2 लाख से ज्यादा नए केस सामने आए हैं जबकि 1000 से ज्यादा लोगों की जानें गई है। वहीं संक्रमण की दर 15.92 फीसदी तक पहुंच गई है। जानकारों का कहना है कि संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में एक मिनट के लिए आने से भी लोग कोरोना की चपेट में आ रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से आज सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते एक दिन देशभर में 2 लाख 739 नए कोरोना केस आए। इस दौरान 1038 लोगों की जान चली गई है। जबकि 24 घंटे में 93 हजार 528 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। इससे पहले मंगलवार (13 अप्रैल) को 1 लाख 84 हजार 372 नए केस आए थे।  पिछले साल 2 अक्टूबर के बाद से बीते दिन देश में सबसे ज्यादा संक्रमितों की मौत हुई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में अब तक कोरोना के 1 करोड़ 40 लाख 74 हजार 564 संक्रमित हो चुके हैं। वहीं अब तक 1 करोड़ 24 लाख 29 हजार 564 लोग ठीक हो चुके हैं। कोरोना से अभी तक 1 लाख 73 हजार 123 मरीजों को जान गंवानी पड़ी है। फिलहाल 1471877 लोगों का इलाज चल रहा है।