मुंबई से शुरू हुई देश की पहली AC लोकल ट्रेन, यह है खास फीचर
मुंबई। क्रिसमस के मौके पर देश की पहली एसी लोकल ट्रेन मुंबई के बोरीवली स्टेशन से चर्चगेट के लिए रवाना हुई। 12 बोगियों की इस ट्रेन का किराया सामान्य लोकल के फर्स्ट क्लास के किराए से थोड़ा ज्यादा होगा। कुछ दिनों पहले रेलवे ने इसके सभी ट्रायल और चेक सफलतापूर्वक पूरे किए थे। बता दें कि मुंबई के लोग पिछले 5 साल से एसी लोकल ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं। पहली एसी लोकल में यह होगा खास…
– इनमें राजधानी एक्सप्रेस के कोच की तरह बड़ी सिंगल विंडो लगाई गई है। कोच का इंटीरियर पिछले साल मुंबई को दी गई नई लोकल कोच जैसा है।
– कोच के भीतर लगी सीट नीले और ग्रे रंग की हैं। इन्हें पहले से ज्यादा आरामदेह बनाने का दावा किया गया है।
– इसमें दो सीटों के बीच की जगह भी पहले से ज्यादा बढ़ाई गई है, ताकि भीड़ ज्यादा होने पर यात्री सीटों के बीच में आराम से खड़े रह सकें।
– कोच में खड़े होकर चलने वाले यात्रियों को सहारे के लिए ऊपर लगे हैंडल भी इस तरह बनाए गए हैं कि एक हैंडल दो यात्री पकड़ सकें।
– दरवाजे के बीच में लगे स्टील के खंभे को भी नया आकार दिया गया है ताकि एक साथ ज्यादा यात्री पकड़ सकें।
– इसकी मैक्सिमम स्पीड 110 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। इसमें 5,964 पैसेंजर की कैपेसिटी होगी।
12 सामान्य सेवाएं होंगी रद्द
– जहां एक ओर एसी लोकल चलने की खुशी है, वहीं दूसरी ओर सामान्य यात्रियों को इसका खामियाजा भी भुगतना पड़ेगा, क्योंकि 12 सामान्य सेवाओं के बदले एसी लोकल की सेवा दी जाएगी। इन 12 में से 8 सर्विस चर्चगेट से विरार और 3 सर्विस चर्चगेट से अंधेरी के बीच चलाई जाएगी। ये सभी तेज लोकल होंगी, जबकि धीमी लोकल के तौर पर केवल एक सर्विस महालक्ष्मी से बोरिवली के बीच चलाई जाएगी।
ट्रेन में तैनात होंगे बाउंसर
– मुंबई लोकल से हर दिन कई लाख लोग यात्रा करते हैं। एसी लोकल ट्रेन के शुरू होने के बाद ज्यादा से ज्यादा लोग इसमें ट्रैवल करने की सोचेंगे। जिस कारण इसमें भारी भीड़ हो सकती है। इसलिए भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ट्रेन में बाउंसर तैनात करने की योजना बना रहा है। आपको बता दें कि, 12 डिब्बों की लोकल ट्रेन में पीक आवर्स में 6 हजार से ज्यादा यात्री ट्रैवल करते हैं।
मुंबई के यात्रियों का सफर बनेगा आसान
– मुंबई के लोकल ट्रेन नेटवर्क को यहां की लाइफलाइन कहा जाता है। ऐसे में एसी लोकल ट्रेन आ जाने से यहां के यात्रियों का सफर काफी आसान होने वाला है।
– बता दें कि मुंबई लोकल में हर रोज 65 लाख से ज्यादा यात्री सफर करते हैं। इसमें भी अकेले वेस्टर्न लाइन पर 35 लाख यात्री हैं और इस लाइन पर 37 स्टेशन पड़ते हैं। एसी लोकल को सबसे पहले इसी लाइन पर चलाया जाएगा।
दिल्ली मेट्रो जैसा होगा किराया
– एक रेलवे अधिकारी के मुताबिक, एसी लोकल का किराया दिल्ली मेट्रो जैसा ही होगा। इसका सिंगल टिकट किराया मौजूदा मुंबई लोकल की फर्स्ट क्लास टिकट के बराबर होगा और मंथली पास का किराया वर्तमान के फर्स्ट क्लास पास की कॉस्ट से लगभग 1.5 गुना ज्यादा होगा।
मुंबई के स्टेशनों पर बढ़ाई जा रही है सिक्युरिटी व सुविधा
-मुंबई के लिए सरकार 370 एस्केलेटर्स को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा सिक्युरिटी को और बेहतर बनाने के लिए सभी ट्रेनों और स्टेशनों पर CCTV भी लगाए जा रहे हैं।