Corona update: सीएम रावत ने किया ऐलान, कोरोना से लड रहे अस्पताल को मिलेंगे 50 लाख रुपये
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ऐलान किया है कि कोरोना पीड़ितों के इलाज में जुटे किसी अस्पताल में चिकित्सक, पैरामेडिकल सहित अन्य स्टाफ कोरोना संक्रमण की चपेट में नहीं आता है तो सरकार उस संस्थान को 50 लाख रुपये प्रोत्साहन राशि देगी। उन्होंने कहा कि इससे कोरोना के खिलाफ लड़ाई में अग्रिम पंक्ति में डटे हमारे चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों का मनोबल बढ़ेगा। इसके साथ ही सीएम रावत ने कहा कि सरकार अपने कोरोना वॉरियर्स के साथ खडी है। इसके लिए सरकार को जो भी आवश्यक कदम उठाने होंगे वह उठाने के लिए तैयार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैसे तो सभी अस्पतालों में कोरोना वॉरियर्स को मानकों के अनुरूप संक्रमण से बचने के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक उपकरण उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, फिर भी इस प्रोत्साहन राशि से अस्पताल अपने यहां कार्यरत चिकित्साकर्मियों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए और प्रेरित होंगे। राज्य सरकार अपने हर कोरोना वॉरियर्स के साथ है।
सीएम रावत ने कहा कि चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता से लिया जाए। चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी कोविड-19 से संक्रमित व्यक्तियों का इलाज तभी कर सकते हैं, जब वे स्वयं सुरक्षित रहें। कोरोना वॉरियर्स स्वयं के जीवन को खतरे में डालते हुए पूरी निष्ठा और तत्परता से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। हमें अपने इन वारियर्स पर गर्व है हमारा भी दायित्व है कि ये स्वस्थ रहें और सुरक्षित रहें।
