आज रात 8 बजे फिर देश को संबोधित करेंगे पीएम मोदी, कोरोना वायरस पर करेंगे बात

0
modi

देश में लगातार बढ़ते जा रहे कोरोना वायरस के मामलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार शाम को एक बार फिर देश को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी आज रात को आठ  बजे राष्ट्र को संबोधन देंगे। इससे पहले 19 मार्च को पीएम ने देश को संबोधित किया था और जनता कर्फ्यू का ऐलान किया था। प्रधानमंत्री ने इस बात की जानकारी अपने ट्विटर अकाउंट के माध्यम से दी है।

देश में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 492 पहुंच चुकी है और अब तक नौ लोगों की मौत हो गई हैं। ऐसे में केंद्र और राज्य सरकारों ने लॉकडाउन का ऐलान किया था, कई राज्यों में कर्फ्यू भी लगाया गया है।

देश के 32  राज्यों ने पूर्ण रूप से लॉकडाउन

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात समेत देश के 32  राज्यों ने पूर्ण रूप से लॉकडाउन का ऐलान किया है। इन 32 राज्यों के 560 जिले शामिल हैं। इसके अलावा लोगों को सख्त हिदायत दी जा रही है कि लोग घरों से बाहर ना निकलें। इसके अलावा पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी एक्शन भी लिया है।

लॉकडाउन का कई राज्यों में हुआ था उल्लंघन

बता दें कि कोरोना वायरस के चलते देश के 32 राज्यों में लॉकडाउन किया गया है, लेकिन सोमवार को जो तस्वीरें आई थीं उनमें देखने को मिला था कि लोग सड़कों पर आ रहे हैं और लॉकडाउन का पालन नहीं कर रहे हैं। खुद प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर लोगों से अपील की थी कि वे लॉकडाउन को गंभीरता से लें और राज्य सरकार कानून का पालन करवाएं।

पिछले संबोधन में किया था जनता कर्फ्यू का ऐलान

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 मार्च को रात 8 बजे राष्ट्र को संबोधित किया था। तब भी पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कोरोना वायरस पर बात की थी और 22 मार्च को जनता कर्फ्यू का ऐलान किया था। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने देश में कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई लड़ने में काम कर रहे लोगों के लिए आम जनता से आभार जताने के लिए कहा था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर देशवासियों ने शाम पांच बजे अपने घर की छत पर आकर तालियां-थालियां बजाई थीं, लेकिन इसके बाद भी कई जगहों पर लोग सड़कों पर उतर आए थे और भीड़ एकत्रित की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *