खुशखबर: उड़ान के दौरान मिलेगी WiFi सेवा, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी

0
Airlines02

सोमवार को केंद्र सरकार ने भारत में उड़ानों के दौरान यात्रियों को वाई-फाई उपलब्ध कराने के लिए मंजूरी दे दी है।  अब उड़ान के दौरान यात्रियों को वाई-फाई की सुविधा मिलेगी। केंद्र सरकार ने एयरलाइन कंपनियों को इसकी इजाजत दी है। 

उड़ानों के दौरान अगर आपका लैपटॉप, स्मार्टफोन, टैबलेट, स्मार्टवॉच, ई-रीडर या कोई अन्य उपकरण फ्लाइट मोड या एयरप्लेन मोड पर होगा, तो पायलट विमान में सवार यात्रियों को वाई-फाई के जरिए इंटरनेट इस्तेमाल करने की अनुमति दे सकता है।

पिछले माह हुई थी साझेदारी की घोषणा

वहीं पिछले माह टाटा समूह की कंपनी नेल्को और पैनासॉनिक एवियॉनिक्स कॉरपोरेशन ने भारतीय विमानन क्षेत्र में उड़ान के दौरान ब्रॉडबैंड सेवाएं मुहैया कराने के लिए साझेदारी की घोषणा की थी। तब बताया गया था कि विस्तारा एयरलाइंस के साथ इस सेवा की शुरुआत की जाएगी। बता दें कि विस्तारा टाटा समूह और सिंगापुर एयरलाइंस की संयुक्त कंपनी है।

नेल्को के सीईओ ने कही थी ये बात

इस संदर्भ में नेल्को के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी ( सीईओ ) पीजे नाथ ने कहा है कि, ‘हम यह बताकर उत्साहित हैं कि नेल्को देश में लंबे समय से प्रतीक्षित उड़ान ब्रॉडबैंड सेवाओं की शुरुआत कर रही है। विस्तारा इस सेवा से जुड़ने वाली पहली विमानन कंपनी है।’

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नेल्को ने इस बाबत पैनासॉनिक एवियॉनिक्स कॉरपोरेशन की एक अनुषंगी के साथ साझेदारी की है।

सरकार से मिली मंजूरी

इससे पहले दिसंबर में खबर आई थी कि विस्तारा में जनवरी से यात्रियों को इन-फ्लाइट कनेक्टिविटी मिलने लगेगी। नेल्को एक वीसैट सेवा प्रदाता कंपनी है, जिसको सरकार से वीसैट लिंक मिल गया है। केंद्र सरकार ने विस्तारा को स्पेक्ट्रम भी दे दिया है। डाटा मिलने से भी यात्री व्हाट्सएप जैसे एप का इस्तेमाल फोन कॉल करने के लिए कर सकते हैं।

मई में मिली थी मंजूरी

मई 2018 से पहले भारतीय हवाई क्षेत्र में उड़ने वाले प्रत्येक विमान को डाटा या फोन सेवा चलाने की मंजूरी नहीं थी। यात्रा के वक्त यात्रियों को अपना मोबाइल फोन बंद करके या फिर फ्लाइट मोड पर रखना होता था। यह नियम विदेश से आने वाली उड़ानों पर भी लागू था। हालांकि अब दूरसंचार विभाग ने पहले लगाई रोक को हटा लिया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *