दिल्ली हिंसा में अब तक 46 लोगों की मौत, नाले से निकल रही हैं लाशें

0
ecdcf66f3f77bf7190721efe63e2b1d7_342_660

दिल्ली में हिंसा शुरू होने के एक सप्ताह बाद खौफनाक सच सामने आ रहा है. हिंसा प्रभावित इलाकों के नाले से अब लाशें निकल रही हैं. पिछले दो दिनों में इन नालों से चार लाशें निकली हैं.

सोमवार सुबह गोकुलपुरी नाले से एक और लाश बरामद हुई है. इससे पहले रविवार को भी इस इलाके के नालों से 3 शव मिले थे, जिनको पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है.

नाले से निकल रही हैं लाशें

नार्थ ईस्ट दिल्ली हिंसा मामले में अब तक दिल्ली पुलिस ने 334 एफआईआर दर्ज की हैं. इस मामले में 33 लोग गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि 44 केस आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किए गए हैं. हिंसा में मरने वालों की संख्या 46 हो गई है.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक रविवार को गोकुलपुरी के दो नालों से 3 लाशें बरामद की गई. सोमवार सुबह भी गोकुलपुरी नाले से एक डेड बॉडी बरामद की गई है. हालांकि क्या ये लाशें दिल्ली हिंसा से जुड़ी हैं या नहीं इस बात की पुष्टि होनी अभी बाकी है.

बता दें कि दिल्ली हिंसा में अबतक नालों से कई लाशें बरामद की जा चुकी हैं. इसमें से आईबी कर्मचारी अंकित शर्मा की बॉडी भी शामिल है.

दिल्ली हिंसा पर लोकसभा में हंगामा

दिल्ली हिंसा की गूंज संसद में भी सुनाई दी है. कांग्रेस समेत विपक्ष की कई पार्टियों ने दिल्ली हिंसा के मामले पर सदन में चर्चा की मांग की है. इसे लेकर लोकसभा और राज्यसभा में हंगामा हुआ. इसके बाद सदन की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. इससे पहले दिल्ली हिंसा के मुद्दे पर टीएमसी, AAP,कांग्रेस ने संसद के बाहर प्रदर्शन किया और गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की.

सरकार चर्चा के लिए तैयार

सरकार का कहना है कि वह नियमानुसार संसद में सभी मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तैयार है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को दिल्ली में हुए दंगों पर चर्चा के लिए सदन की सभी कार्यवाही को निलंबित करने का नोटिस दिया और इस पर चर्चा की मांग की थी. संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि सरकार सभी मुद्दों पर नियमानुसार चर्चा के लिए तैयार है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *