भारत में कोरोना वायरस के तीसरे मामले की पुष्टि , तीनों मामले केरल से

0
images (2)

भारत में कोरोना वायरस से संक्रमण के तीसरे मामले की पुष्टि हुई है. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि हाल ही में चीन से केरल लौटा व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित है. मंत्रालय ने कहा, ”मरीज के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है. उसे अस्पताल में आइसोलेशन में रखा गया है. मरीज की हालत स्थिर है और उसपर करीब से नजर रखा जा रहा है.” मरीज चीन में कोरोना वायरस से बुरी तरह प्रभावित वुहान शहर की यात्रा पर गया था.

स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को अपने संशोधित यात्रा परामर्श में लोगों से कहा कि चीन के हुबेई प्रांत में जानलेवा कोरोना वायरस के महामारी बनने के मद्देनजर वे देश की यात्रा करने से बचें. मंत्रालय ने कहा है कि पड़ोसी देश से लौटने वाले लोगों पर यात्रा प्रतिबंध लगाया जा सकता है. यात्रा परामर्श रविवार को जारी हुआ था.

भारत में कोरोना वायरस का पहला मामला गुरुवार को त्रिशूर में आया था जब वुहान में मेडिकल की पढ़ाई करने वाली छात्रा में संक्रमण की पुष्टि हुई थी. दूसरा मरीज भी कोरोना वायरस के केंद्र चीन के वुहान में छात्र है और 24 जनवरी को केरल लौटा था.

केरल में चीन और कोरोना वायरस प्रभावित जगहों की यात्रा करने वाले 1,999 लोगों को निगरानी में रखा गया है. चीन के स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो हफ्तों में संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ सकते हैं जिसके बाद इसमें कमी आएगी क्योंकि लाखों लोग जो चीनी नववर्ष की छुट्टियों पर वुहान और हुबेई प्रांत से चीन के अन्य हिस्सों और विदेश गए थे, वे अब लौट रहे हैं. चीन में कोरोना वायरस से मरने वाले लोगों की संख्या 361 हो गई है. जबकि 14,000 के करीब लोग संक्रमित हैं.

केरल: कहां कितने मरीज निगरानी में

कोझिकोड के अलावा तिरुवनंतपुरम में 126, कोल्लम में 156, पथानामथिट्टा में 64, अलाप्पुझा में 24, कोट्टयम में 62, इडुक्की में 120, एर्नाकुलम में 238, थ्रिसुर में 154, पलक्कड़ 99, मालापुरम 265, वानाड में 28, कन्नूर में 121 और कासरगोड में 68 लोगों को निगरानी में रखा गया है.

क्या है कोरोना वायरस

चीन के वुहान शहर से शुरू हुए कोरोना वायरस के लक्षण सामान्य सर्दी-जुकाम से लेकर गंभीर बीमारियों जैसे मिडिल ईस्ट रेस्पिरेटरी सिंड्रोम (एमईआरएस) –सीओवी और सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी सिंड्रोम (सार्स-सीओवी) जैसे हैं.

क्या हैं लक्षण

आपको बता दें कि बुखार, खांसी और सांस लेने में कठिनाई इसके आम लक्षण हैं. जब कोई शख्स इसकी गिरफ्त में आता है तो ये वायरस उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमताओं को खत्म कर देता है और धीरे धीरे शरीर के अंग भी काम करना बंद कर देते हैं.

इस बीमारी से कैसे बचें

यदि आपने हाल में चीन की यात्रा की है (पिछले 14 दिनों के भीतर) या ऐसे शख्स से मुलाकात की है जो चीन से लौटा हो तो बाकी लोगों से अलग रहें, खांसने और छींकने के दौरान मुंह ढक लें. अगर किसी को सर्दी या फ्लू के लक्ष्ण दिखाई दें तो उससे दूरी बनाए रखें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *