जुबानी जंगः भगत दा ने कहा गीदड़ तो हरदा बोले शुक्र है लकड़बग्घा नहीं कहा

0
bhagat da

देहरादूनः लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिले प्रचंड बहुमत के बाद प्रदेश की सियासत में छिंटाकशी का दौर चल रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद भगत सिंह कोश्यारी द्वारा हरीश रावत पर जोरदार टिप्पणी की गई। भगत दा ने इशारों इशारों में हरदा को गीदड़ कह डाला। भगत दा की टिप्पणी के बाद हरदा ने भी पलटवार किया। भाजपा को चुनौती दे डाली। हरदा ने उनकी सरकार द्वारा उत्तराखंडीयत के लिए प्रारंभ की गई पहल को वर्तमान सरकार ने आगे नहीं बढ़ाया तो इस गीदड़ की मौत से ही 2022 में हाथ का परचम लहराएगा।

नैनीताल संसदीय सीट पर हरीश रावत को भाजपा के हाथों मिली करारी हार पर बीते रोज कोश्यारी ने यह कहते हुए व्यंग्य किया था कि ‘गीदड़ की मौत आती है तो.।’ इशारों में साधे गए निशाने पर हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर डाली गई अपनी पोस्ट में चुटकी लेते हुए कहा कि कोश्यारी को शानदार जीत के लिए बधाई।

साथ ही कहा कि बड़े भाई हैं, जीत के क्षण में आपने जो भी कह दिया शिरोधार्य है। आपने मुझे लकड़बग्घा तो नहीं कहा, जो केवल दूसरों का मारा हुआ खाता है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की ओर से उन्हें ‘हार दा’ संबोधित किए जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने उन्हें बधाई दी।

उन्होंने कहा कि आपने मेरे लिए पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी कि मैं हारदा हूं। यकीनन यह भाजपा की शानदार जीत है। मैं हारदा हूं, लेकिन मेरी भी एक भविष्यवाणी सही साबित होने जा रही है कि अब आप पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाले नारायणदत्त तिवारी के बाद राज्य के दूसरे मुख्यमंत्री होंगे। आपको बधाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *