पश्चिम बंगाल : भाजपा उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो की कार पर हमला

0
118566-xwgvrnwibg-1556523661

पश्चिम बंगाल में चुनावी हिंसा का दौर जारी है. सोमवार काे लोक सभा चुनाव के चौथे चरण में राज्य की आसनसोल सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो की कार पर हमला हो गया. हालांकि इस हमले में बाबुल सुप्रियो को किसी तरह की चोट पहुंचने की ख़बर नहीं है.

ख़बरों के मुताबिक इस हमले के बाद बाबुल सुप्रियो ने सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर गंदी राजनीति करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा, ‘लोगों को मतदान से रोका जा रहा है. यहां तक कि मतदान केंद्र के ठीक सामने वाली इमारत के लोगों को भी वोट नहीं डालने दिया जा रहा है. इसलिए मुझे एक से दूसरी जगह जाना पड़ रहा है. लेकिन वे (टीएमसी के नेता) मुझे एक जगह पर रोककर रखना चाहते हैं.’ ख़बर है कि भाजपा इस घटना की शिकायत चुनाव आयोग से भी करने वाली है.

आसनसोल में ही मतदान केंद्र क्रमांक 123-129 में टीएमसी कार्यकर्ताओं और सुरक्षा बलों के बीच झड़प होने की भी ख़बर है. इस चरण में पश्चिम बंगाल की आठ लोक सभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है. इससे पहले तीन चरणों में 10 सीटों पर मतदान हो चुका है. उस दौरान भी राज्य में बड़े पैमाने पर हिंसा हुई थी. तीसरे चरण के मतदान के दौरान तो एक व्यक्ति की हत्या तक हो चुकी है. वहीं दूसरे दौर में इस्लामपुर से मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार मोहम्मद सलीम की कार पर हमला हुआ था.

बाबुल सुप्रियो आसनसाेल से लगातार दूसरी बार भाजपा उम्मीदवार हैं. उन्होंने 2014 में टीएमसी की डोला सेन को 70,000 से अधिक वोटों से हराया था. इस बार उनका मुकाबला पूर्व फिल्म अभिनेत्री टीएमसी की मुनमुन सेन से है. मुनमुन सेन 2014 में बांकुड़ा लोक सभा सीट से जीती थीं. उनकी पार्टी ने इस बार उनकी सीट बदली है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *