पीएम की रैली से पहले अरुणाचल सीएम के काफिले से मिले 1.80 करोड़, कांग्रेस ने कहा ‘नोट के बदले वोट’
कांग्रेस ने अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और भाजपा पर रुपयों के बदले वोट खरीदने का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने दावा किया है कि सीएम पेमा के काफिले से एक करोड़ 80 लाख रुपये बरामद हुए हैं। कांग्रेस ने कहा कि ये रुपये कल रात में बरामद किए गए हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि कैश फॉर वोट स्कैंडल, भारतीय जनता पार्टी का असली चेहरा उजागर कर रहा है। इससे बड़ा कैश फॉर वोट घोटाला क्या हो सकता है कि मंगलवार रात साढ़े 10 बजे सूचना आई और 12 बजे अरुणाचल प्रदेश पेमा खांडू के काफिले की चेकिंग होती है, तो उसमें 1.80 करोड़ रुपए पकड़े गए हैं। बुधवार की सुबह पीएम मोदी की रैली आयोजित है और उसके ठीक पहले मंगलवार की रात इतना कैश पकड़ा जाना सवाल खड़ा करता है कि क्या ये नोट पीएम की रैली में लोगों को लाने के लिए दिए जाने वाले थे!
सुरजेवाला ने पैसे की रिकवरी की सनसनीखेज वीडियो भी दिखाई और कहा कि दो बातें साफ है। पहली- युवा कांग्रेस की शिकायत पर कैश की गड्डियां बरामद हुए हैं। दूसरी बात यह कि चुनाव आयोग की अधिकारी स्मृता कौर गिल और पासीघाट की डिप्टी कमिश्नर किमी सिंह भी वीडियो में दिख रही हैं। इस काफिले में उप मुख्यमंत्री चाउना माइन, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष तापेर गाव भी मौजूद थे।
‘चोर की चौकीदारी और चौकीदार की चोरी पकड़ी गई’
वीडियो दिखाने के बाद कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि प्रजातंत्र का काला दिन है। चोर की चौकीदारी और चौकीदार की चोरी रंगे हाथ पकड़ी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदीजी का नारा है- नोट दो, वोट लो। पीएम मोदी जवाब दें कि क्या कालाधन से वोट लेकर, कालाधन से लोगों को बुलाकर चुनाव जीतना चाहते हैं। क्या मुख्यमंत्री के काफिले का प्रयोग करेंगे? 180 लाख कालाधन है या सफेद? भाजपा के किस खाते से इतनी राशि निकाली गई?
उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले मणिपुर में भी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष तापेर गाव पकड़े गए थे। क्या मुख्यमंत्री पेमा खांडू उप मुख्यमंत्री चाउना माइन और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पर मुकदमा दर्ज नहीं होना चाहिए? उन्होंने एक बार फिर ‘चौकीदार चोर है’ का आरोप लगाया।
