कश्मीर: 3 आतंकवादी मारे गए, 2 मस्जिद में छिपे, पुलवामा में मुठभेड़ शुरू
तीन आतंकवादी मारे गए हैं, जबकि दो दक्षिण कश्मीर के शोपियां के जान मोहल्ला इलाके में एक स्थानीय मस्जिद में छिपे हुए हैं। सुरक्षाबलों द्वारा मस्जिद की पवित्रता को देखते हुए आत्मसमर्पण करने के लिए आतंकवादियों को मनाने के प्रयास जारी हैं।
एक अधिकारी सहित चार सैनिकों को कल हुई शुरुआती गोलीबारी के दौरान चोटें लगी हैं। सभी को श्रीनगर में सेना के बेस अस्पताल में ट्रांसफर कर दिया गया था और अब उन्हें स्थिर बताया गया है।
न्यूज 24 से बात करते हुए एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि अब तक तीन आतंकवादी मारे गए हैं और दो अन्य मस्जिद में छिपे हुए हैं। हम मस्जिद की पवित्रता को देखते हुए आंसूगैस के गोले का उपयोग कर रहे हैं।
पुलिस ने मस्जिद के भीतर छिपे हुए आतंकवादी के भाई और इमाम को भी आत्मसमर्पण के लिए मनाने के लिए भेजा, लेकिन प्रयास सफल नहीं हुए।
इस बीच, पुलवामा दक्षिण कश्मीर में त्राल के नायबुग इलाके में एक और मुठभेड़ शुरू हुई। सूत्रों के अनुसार, यहां भी दो से तीन आतंकियों के फंसे होने की आशंका है।
IGP कश्मीर विजय कुमार और GoC विक्ट्री बल शोपियां दक्षिण कश्मीर की स्थिति पर व्यक्तिगत रूप से नजर रखे हुए हैं। पिछले कुछ समय से चल रहे एंटी टेररिस्ट ऑपरेशन के मद्देनजर शोपियां और पुलवामा जिलों में इंटरनेट बंद कर दिया गया है।
