12वीं फ्लीट रिव्यू: राष्ट्रपति कोविंद ने 60 से अधिक जहाज, पनडुब्बियों व 55 विमानों की समीक्षा की

RAMNATH KOVIND

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने सोमवार को आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में 60 से अधिक जहाजों और पनडुब्बियों और 55 विमानों वाले नौसेना बेड़े की समीक्षा की। यह राष्ट्रपति द्वारा 12वीं फ्लीट रिव्यू थी और भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित की गई थी। बता दें कि यह साल बेहद खास है, क्योंकि इस बार देश ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मना रहा है।

राष्ट्रपति कोविंद ने भारतीय नौसेना के साथ-साथ तटरक्षक बल के जहाजों के संयोजन की समीक्षा की। नौसैनिक समारोह में, प्रत्येक जहाज ने राष्ट्रपति को सलामी दी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी इस मौके पर मौजूद हैं। दरअसल, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद सबसे पहले विशाखापत्तनम में आयोजित 12वें प्रेसिडेंट फ्लीट रिव्यू कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्हें गार्ड आफ आनर दिया गया।

राष्ट्रपति ने आईएनएस सुमित्रा में सवार होकर नौसेना के बेड़े की समीक्षा की। इनमें आईएनएस तरंगिनी, आईएनएस ज्योति, आईएनएस सुदर्शनी, INLCU 51, आईएनएस कुलिश, सागर अन्वेषिका, आईएनएस जमुना, ICGS वरद, ICGS शौनक, आईएनएस सुतलेज, आईएनएस सर्वेक्षक, आईएनएस कमरोटा शामिल हैं।