यमुना एक्सप्रेस वे भी हुआ जाम, दो दिन में गुजरे एक लाख वाहन
छुट्टियां मनाकर अपने घरों को लौटने वालों की भीड़ ने यमुना एक्सप्रेस वे और हाईवे को जाम कर दिया। शनिवार और रविवार को यमुना एक्सप्रेस वे पर ही एक लाख वाहन गुजर गए, जबकि आगरा-दिल्ली हाईवे पर दो दिन में दौड़ने वाले वाहनों का आंकड़ा 50 हजार वाहनों का है।
यह संख्या पिछले कई साल का रिकार्ड मानी जा रही है। आगरा से नोएडा तक के बीच ट्रैफिक बढ़ा है। शनिवार को यमुना एक्सप्रेस वे से गुजरने वाली कारों की संख्या 40 हजार के करीब मानी जा रही हैं, जबकि रविवार को 60 हजार से ज्यादा वाहन गुजरे।
यह आंकड़ा मथुरा टोल और जेवर टोल का है। रविवार की शाम को तो दोनों ही प्वाइंट पर जाम सा लगा रहा। अतिरिक्त कर्मचारियों को लगाया गया है। वहीं आगरा से दिल्ली हाईवे पर भी दो दिनों में पचास हजार वाहन गुजरे हैं।
सामान्य दिनों में वाहनों के गुजरने की संख्या बीस हजार तक पहुंचती है। मथुरा से अलीगढ़ मार्ग पर भी जाम के हालात रहे। इस मार्ग पर भी रविवार को ट्रैफिक बढ़ गया था। सामान्य दिनों के मुकाबले बीस प्रतिशत वाहन ज्यादा गुजरे थे।
