मुंबई में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से मिलेंगे अमित शाह, तय हो सकती है सीटें
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सोमवार को शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से मिलेंगे। मुंबई में दोनों के बीच आगामी आम चुनाव को लेकर लोकसभा सीट बंटवारे पर चर्चा हो सकती है। चर्चा है कि दोनों के बीच लोकसभा चुनाव साथ लड़ने की बातचीत तय है।
लोकसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच अमित शाह और उद्धव ठाकरे की मुलाकात को सियासी गलियारे में महत्वपूर्ण नजरिए से देखा जा रहा है। चाहे शिवसेना के मुखपत्र सामना में लेखों के जरिए हो या फिर राजनीतिक बयानबाजी, पिछले कुछ महीनों से शिवसेना केंद्र की भाजपा सरकार पर कई मुद्दों पर आक्रामक दिखी है। इन सबके बावजूद दोनों के बीच आम चुनाव साथ लड़ने की सहमति है।
महाराष्ट्र में लोकसभा की कुल 48 सीटें हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने 26 सीटों पर चुनाव लड़ा और 23 सीटों पर जीतकर आई, जबकि शिवसेना ने 22 सीटों पर चुनाव लड़ा और 18 सीटों पर जीत दर्ज की।
