मायावती संग मिलकर चाचा शिवपाल को चुनौती देंगे अखिलेश यादव, फिरोजाबाद में रैली

0
akhilesh_1_1555726705_618x347

बसपा सुप्रीमो मायावती और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव फिरोजाबाद और रामपुर में आज साझा रैली करेंगे. मायावती और अखिलेश रामपुर में सपा प्रत्याशी आजम खान और फिरोजाबाद में सपा प्रत्याशी अक्षय यादव के समर्थन में वोट मांगेंगे. दोनों नेताओं की फिरोजाबाद की रैली काफी अहम है, क्योंकि इस सीट से अखिलेश के चाचा शिवपाल सिंह यादव भी अपनी पार्टी से मैदान में हैं. अब देखना होगा कि अखिलेश अपने चाचा को किस तरह चुनौती देते हैं?

मायावती और अखिलेश आज सबसे पहले रामपुर में आजम खान के लिए वोट मांगेंगे. दोनों नेता सुबह 11 बजे फिजिकल मैदान में रैली को संबोधित करेंगे. इसके बाद दोपहर 3 बजे फिरोजाबाद के मक्खनपुर के पास बिल्टीगढ़ चौराहे पर रैली होगी. रैली को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है. बता दें, सपा और बसपा के गठबंधन के ऐलान के दिन मायावती ने शिवपाल सिंह यादव पर निशाना साधा था. मायावती ने शिवपाल को बीजेपी का एजेंट तक बता दिया था. इस दौरान अखिलेश अपने चाचा के बारे में बोलने से बचते नजर आए थे.

इससे पहले शुक्रवार को 26 साल बाद मुलायम सिंह और मायावती ने मंच साझा किया था. मैनपुरी में मायावती ने मुलायम सिंह यादव के लिए प्रचार किया था. इस दौरान मायावती ने कहा था कि आप लोग सपा संरक्षक मुलायम जी को भारी संख्या में जिताकर संसद भेजेंगे. मायावती ने कहा कि 2 जून, 1995 के गेस्टहाउस कांड को भुलाकर हम एक साथ आए हैं. कभी-कभी कठिन फैसले लेने पड़ते हैं.

मायावती ने कहा था कि मुलायम ही पिछड़े वर्गों के असली नेता हैं. वह (मुलायम) पीएम नरेंद्र मोदी की तरह फर्जी पिछड़े वर्ग के नेता नहीं है. नकली व्यक्ति पिछड़े वर्गों का भला नहीं कर सकता है. पिछड़े वर्ग के नेता मुलायम सिंह यादव को आप जिताकर संसद भेजिए. इस चुनाव में असली और नकली के बीच पहचान जरूरत है. नकली लोगों से धोखा खाने से बचे.

यह रैली ऐतिहासिक थी. अब आज मायावती और अखिलेश फिरोजाबाद और रामपुर में साझा रैली करेंगे. रामपुर में दोनों नेताओं के निशाने पर बीजेपी प्रत्याशी जया प्रदा, तो फिरोजाबाद में शिवपाल सिंह यादव होंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *