जब साध्वी मेट साध्वी: गले मिलकर रोईं उमा भारती-प्रज्ञा, कराया मुंह मीठा

0
uma_sadhvi_750_1556518150_618x347

भगवा वस्त्र धारण करने वाली भारतीय जनता पार्टी की उमा भारती व साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बीच तल्खी की चर्चा के बाद एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसमें दोनों के बीच एक दूसरे के प्रति स्नेह नजर आ रहा है. भोपाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहीं साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को उमा भारती अपने हाथ से कुछ खिला रही हैं. साथ ही साध्वी प्रज्ञा उमा के गले लगकर भावुक भी हो गईं और उनके आंसू निकल आए. ये तस्वीर उमा भारती के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने साध्वी प्रज्ञा को महान  संत बताते हुए कहा था कि उनसे मेरी तुलना मत कीजिए.

इस बार चुनाव नहीं लड़ रहीं मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी की फायर ब्रांड नेता उमा भारती से कटनी में सवाल किया गया था कि क्या एमपी में साध्वी प्रज्ञा सिंह ने उनकी जगह ले ली है. इस पर उमा भारती ने कहा था, ‘वह एक महान संत हैं, मेरी उनसे तुलना मत कीजिए. मैं एक साधारण और मूर्ख प्राणी हूं’. लोकसभा चुनाव के बीच उमा का यह बयान चर्चा का केंद्र बना. जिसके बाद सोमवार को साध्वी प्रज्ञा ठाकुर और उमा भारती की मुलाकात हुई.

दिलचस्प बात ये है कि भोपाल सीट से बीजेपी के टिकट पर कांग्रेस के दिग्विजय सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ रहीं साध्वी प्रज्ञा खुद उमा भारती से मिलने उनके आवास पहुंचीं. इस दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई और उमा भारती ने चम्मच से साध्वी प्रज्ञा को कुछ खिलाया और आशीर्वाद दिया.   साथ ही उमा भारती ने अपने पुराने बयान पर सफाई देते हुए साध्वी प्रज्ञा से कहा कि मीडिया वाले उनका बयान काट कर दिखा रहे हैं. उमा ने कहा, ‘दीदी मां साध्वी प्रज्ञा के चुनाव लड़ने से मुझे बहुत खुशी हुई. मैं उन्हें एक महान संत और देशभक्त मानती हूं क्योंकि उन्होंने जो कष्ट झेले हैं, वो एक साधारण व्यक्ति नहीं झेल सकता है’.

जब रो पड़ीं साध्वी प्रज्ञा

मुलाकात के बाद जब उमा भारती साध्वी प्रज्ञा को उनकी कार तक छोड़ने आईं तो साध्वी प्रज्ञा रोने लगीं. यह देखकर कार में बैठी हुई साध्वी प्रज्ञा को उमा भारती ने गले लगा लिया और उनका माथा चूमकर आंसू भी साफ किए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *